गुरुग्राम। शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए दिल्ली के बवाना निवासी परिवार से मारपीट का मामला सामने आया है। परिवार में शामिल एक महिला दिल्ली पुलिस में बतौर सब-इंस्पेक्टर कार्यरत है। आरोप है कि कार पार्क करने के बाद प्रसाद की दुकान वाले ने 501 रुपये का प्रसाद देने का दबाव बनाया। जबकि वे कम रुपये का प्रसाद लेना चाहते थे। इसी पर गाली-गलौच करते हुए मारपीट व जान से मारने की धमकी दी गई। सेक्टर पांच थाना पुलिस दुकानदार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली के बवाना निवासी महिला रितू ने बताया कि रविवार सुबह करीब 6 बजे वह परिवार के साथ शीतला माता मंदिर आयी थी। अतुल कटारिया स्कूल के पास प्रसाद लेने के लिए कार रोकी। वहां प्रसाद की दुकान वाले ने कहा कि कार यहीं पर पार्क कर दो। परिवार ने कार वहां खड़ी कर दी और प्रसाद लेने लगे। तब दुकान वाले जबरन 501 रुपये का प्रसाद देने लगे। परिवार ने मना किया कि हम कुछ प्रसाद घर से बनाकर लाए हैं, आप कम दे दो।
इसी बात पर दुकान वाला व उसके अन्य लोग बहस करने लगे। महिला के पति सुमित ने विरोध जताया तो वे गाली-गलौच करते हुए मारपीट करने लगे। परिवार अपनी कार हटाने लगा तो आरोपियों ने टायर की हवा निकाल दी। इतना ही नहीं दुकानदार ने फोन कर अपने अन्य साथियों को बुलाया और मारपीट की। मारपीट में चार लोगों को चोट लगी। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। जिस पर सेक्टर-5 थाना पुलिस ने रविवार रात में मामला दर्ज किया है। परिवार की एक महिला दिल्ली पुलिस में बतौर सब-इंस्पेक्टर कार्यरत है। एएसआई मुकेश ने बताया कि एक आरोपियों की पहचान नवीन सैनी के तौर पर हुई है। उसे शामिल जांच कर पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया है। थाना पुलिस की टीम मामले में आगे कार्रवाई कर रही है।