गुरुग्राम। इस्लामपुर गांव में किराए के मकान में रहने वाले टैक्सी चालक की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। सदर थाना पुलिस ने सोमवार सुबह मिली सूचना के बाद परिवार वालों को सूचना दी। पुलिस ने झज्जर में रहने वाले बड़े भाई के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या व शस्त्र अधिनियम के साथ सबूत नष्ट करने का मामला दर्ज किया है।
झज्जर के बैरानी गांव का रहने वाला हरिओम (33) इस्लामपुर गांव में किराए पर रहकर कैब चलाता था। सदर थाना पुलिस को उसका शव सोमवार की सुबह दस बजे सेक्टर-38 में मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान के बाद उसके परिजनों को सूचना दी। उसके बड़े भाई मनमोहन ने पुलिस को बताया कि हरिओम ने दूसरी शादी कर रखी थी। वह पहली पत्नी से अलग इस्लामपुर में रहता था। रविवार शाम सात बजे उसकी बात मोबाइल पर हुई थी। रात में वह किसके साथ निकला था। यह किसी को नहीं पता। उसकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी। सदर थाना पुलिस अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुटी है। पुलिस को अब तक माथे में एक गोली लगने की जानकारी हुई है। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम होने के बाद अन्य खुलासा होगा।
वारदात में करीबी का हाथ
हत्या के मामले की जांच सीआईए-31 व सीआईए-40 भी कर रही है। पुलिस को सीन ऑफ क्राइम से लगता है कि वारदात को अंजाम देने में किसी करीबी का हाथ हो सकता है। जिसने पहले उसके साथ बातचीत की और माथे में सीधे गोली मार दी हो। पुलिस उसके मोबाइल का डिटेल खंगाल रही है।
बयान
टैक्सी चालक के भाई के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। अभी तक हत्या के कारणों की बात सामने नहीं आई है। मामले की जांच चल रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।
अमन, एसीपी सदर, गुरुग्राम।