गुरुग्राम। पैसे बैंक खाते में नहीं आने पर कस्टमर केयर से बात करना भारी पड़ गया। गूगल से सर्च करने पर मिले कस्टमर केयर के नंबर पर बातचीत करने पर ठगों ने उसके बैंक खाते में सेंध लगा दी और 5.52 लाख निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पालम विहार थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार चौमा गांव के गंगा विहार कॉलोनी में रहने वाले धुर्बा थापा ने बताया कि 5 मई को अपने खाते से अपने ही एक दूसरे खाते में 50 हजार रुपये भेजा। दूूसरे खाते में यह राशि नहीं पहुंची। तब उसने गूगल पर सर्च कर कस्टमर केयर नंबर ढूंढा। वहां पीएनबी बैंक के कस्टमर केयर के दो नंबर मिले। कॉल कर संपर्क किया तो एक नंबर से मोबाइल पर मेसेज आया और क्लिक किया। कॉल पर दो अज्ञात लोगों ने कहा कि मोबाइल पर आया ओटीपी डाल दो।
इसके बाद उसके खाते से 5.52 लाख रुपये कट गया। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर क्राइम थाना पुलिस को दी। पीड़ित ने कहा कि कम पढ़ा लिखा होने की वजह से वह ठगों के जाल में फंस गया और पैसा गंवा बैठा है। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामले की जांच की है। जांच के दौरान प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए गया। इसके बाद पालम विहार थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।