गुरुग्राम। चिनटेल्स पैराडाइसो सोसाइटी के लोगों ने शनिवार को बिल्डर की गिरफ्तारी सहित अपनी अन्य मांगों के लिए सोसाइटी के गेट पर प्रदर्शन किया। लोगों ने कहा कि पूरे प्रोजेक्ट को बिल्डर वापस खरीदे और फ्लैट मालिकों को उनका पैसा ब्याज व अन्य खर्चों सहित वापस करे। पूरे मामले की जांच सीबीआई करे। प्रदर्शनकारी हाथों में बैनर तख्ती लेकर न्याय की मांग कर रहे थे।
10 फरवरी को हुए हादसे के बाद सोसाइटी के गेट पर धरना देते हुए इनको एक महीना हो गया है। लेकिन इसके बाद भी इनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। प्रदर्शन के दौरान सोसाइटी के लोगों ने बिल्डर के खिलाफ नारेबाजी की और प्रशासन की उदासीन भूमिका पर भी रोष व्यक्त किया। सोसाइटी के अन्य टावरों (ई, एफ, जी और एच) की जांच आईआईटी दिल्ली के विशेषज्ञों की टीम कर रही है। प्रारंभिक जांच में पता लगा कि सोसाइटी की अन्य चार टॉवरों भी रहने के लिए सुरक्षित नहीं है। जिसके बाद प्रशासन ने उनको भी खाली करवाने के लिए आदेश जारी किए। लेकिन इसको लेकर भी सोसाइटी के लोगों में आक्रोश है।
अब तक वह प्रशासन के तीन प्रस्तावों को स्वीकार कर चुके हैं। सोसाइटी के लोगों की मांग है कि फ्लैटों को खाली करने की प्रक्रिया में महानिदेशक टाउन एंड कंट्री प्लानिंग के साथ-साथ जिला नगर योजनाकार भी शामिल हो, जिससे फ्लैट खाली करने के बाद बिल्डर अपनी बात से मुकर न सके। सोसाइटी के लोगों का कहना है कि फ्लैटों की मरम्मत आदि के काम में तीन-चार साल का समय लगेगा। इस दौरान यहां रहते हुए धूल और निर्माण कार्य के चलते अस्त-व्यस्त हालत में वह रह नहीं सकते। इसलिए बेहतर होगा कि बिल्डर पूरे प्रोजेक्ट को वापस खरीदे और फ्लैट मालिकों को रकम की अदायगी करे। शुक्रवार को नया मांग पत्र जारी किया गया था। जिला नगर योजनाकार प्रवर्तन और नोडल अधिकारी आर एस बाठ ने बताया कि सोसाइटी के लोगों की जो भी मांगें हैं उस पर विचार किया जाएगा और प्रयास होगा कि बिल्डर के द्वारा सभी प्रकार के विकल्प वहां के लोगों को उपलब्ध कराए जाएं।