गुरुग्राम। ओल्ड डीएलएफ इलाके में स्थित एक होटल में शुक्रवार रात आई 36 वर्षीय महिला का पुुरुष मित्र गला रेतकर भाग गया। होटल के स्टाफ का कहना है कि उन्होंने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह हाथ नहीं लगा। घायल महिला ने होटल के फर्श पर दम तोड़ दिया। मौके पर आए मृतका के पति ने पुलिस को बुलाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
मूल रूप से आगरा के रहने वाले मोहम्मद शाहिद ने पुलिस को बताया है कि वह राजीव नगर में किराए पर रहता है। उसकी पत्नी इमराना शुक्रवार को ऑटो चालक रिंकू के साथ गई थी। वह कहां जा रही थी, इसका पता नहीं था। शुक्रवार रात रिंकू का फोन आया कि ओल्ड डीएलएफ स्थित दीक्षा होटल में उसकी पत्नी को कोई घायल करके भाग गया है। मौके पर जाकर देखा तो वहां ग्राउंड फ्लोर पर इमराना का शव पड़ा था। होटल के स्टाफ ने बताया कि महिला ऑटो चालक रिंकू व एक पुरुष मित्र सचिन के साथ आई थी। चालक उनके पास ही रहा और महिला व सचिन होटल के कमरे में चले गए।
15 मिनट बाद ही महिला होटल की लॉबी से चीखते हुए बाहर आई। उसके पीछे सचिन चाकू लेकर वार करता हुआ आ रहा था। इमराना सीढ़ियों से गिरते हुए होटल के ग्राउंड फ्लोर के फर्श पर तड़पने लगी। आरोपी सचिन होटल स्टाफ को चकमा देकर भाग गया। मौके पर पहुंची थाना सेक्टर-14 पुलिस का कहना है कि सीन ऑफ क्राइम टीम को बुलाया गया है। मौके पर महिला के खून से सने कपड़े भी बरामद किए गए हैं। ऑटो चालक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोपी की तलाश जारी है।