गुरुग्राम। केंद्र की तरफ से जारी दिशानिर्देश के मुताबिक रविवार से 18-59 आयु वालों में एहतियाती खुराक की शुरुआत हो गई। पहले दिन जिले में 18-59 आयु वर्ग में 304 लोगों को एहतियाती खुराक दी गई जबकि कुल 525 लोगों को एहतियाती खुराक दी गई। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक एहतियाती खुराक सिर्फ निजी केंद्रों पर ही दी जा रही है। किसी भी शासकीय केंद्रों पर 18-59 आयु वालों मेें एहतियाती खुराक की शुरुआत नहीं की गई है।
हालांकि, जिले में अब टीकाकरण को लेकर पहले की तरह उत्साह नहीं दिख रहा है। इसी क्रम में रविवार को भी जिले मेें निजी टीकाकरण केंद्रों पर ज्यादा संख्या में लोग नहीं पहुंचे। 60 साल से ज्यादा आयु वर्ग में कुल 176 लोगों को टीका लगाया गया। रविवार को जिले में कुल 1309 लोगों को संक्रमणरोधी टीका लगाया गया। इसी के साथ जिले में लाभार्थियों की कुल संख्या बढ़कर 5089012 पर पहुंच गई। हालांकि, सोमवार को लाभार्थियों की संख्या बढ़ने की संभावना है।
63 केंद्रों पर आज टीकाकरण
टीकाकरण अभियान के तहत सोमवार को 63 केंद्रों पर 18 साल से ज्यादा आयु वर्ग के नागरिकों को कोविशील्ड की पहली व दूसरी खुराक लगाई जाएगी। वहीं स्वास्थ्य कर्मियों, फ्रंटलाइन वर्कर्स व 60 वर्ष से अधिक आयु के पहले से बीमार लोगों को उक्त केंद्रों पर टीके की एहतियाती खुराक दी जाएगी। सेक्टर 31 पॉलीक्लीनिक में स्पूतनिक वैक्सीन की दूसरी डोज लगाई जाएगी। शिक्षा व नौकरी के लिए विदेश जाने के लिए चयनित नागरिक सेक्टर 31 पॉलीक्लीनक में कोविशील्ड की दूसरी खुराक लगवा सकते हैं। सोमवार को 53 टीकाकरण केंद्रों पर वैक्सीन के कुल 7000 स्लॉट उपलब्ध कराए गए हैं।