परेशान निवासी एसटीपी से मिले, बिल्डर को नए सिरे से आवेदन करने के लिए कहा गया
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-57 स्थित अलोहा सोसाइटी के निवासियों को बिना ऑक्यूपेशन सर्टिफिकेट दिए ही फ्लैटों का कब्जा दे दिया गया है। इस कारण उन्हें आगे की औपचारिकताएं पूरी करने में परेशानी आ रही है। अपनी समस्या को लेकर सोसाइटी के निवासी मंगलवार को वरिष्ठ नगर योजनाकार संजीव मान से मिले। बिल्डर की लाइसेंस अवधि भी समाप्त हो चुकी है, जिसके चलते ओसी नहीं मिल पा रही है। एसटीपी ने बिल्डर को नए सिरे से आवेदन प्रक्रिया शुरू करने को कहा है।
सन 2004 में अलोहा सोसाइटी का प्रोजेक्ट लांच हुआ था। यह सोसाइटी करीब 4.50 एकड़ में फैली है। वर्ष 2009 में इसे फ्लैटों को बना कर इनका कब्जा देना था। पांच टावरों में 184 फ्लैट हैं। वर्ष 2014 में बिल्डर ने फ्लैट देने शुरू किए लेकिन ऑक्यूपेशन सर्टिफिकेट नहीं दिया। अब सभी फ्लैटों में यहां निवासी रह रहे हैं। सोसाइटी के रहने वाले संजय गाबा, अशोक गर्ग ने एसटीपी को बताया कि सोसाइटी में अंदर की सड़कें नहीं बनी हैं। वाउंड्री वाल तक का निर्माण नहीं किया गया है। बेसमेंट में लीकेज की समस्या है। बरसात में यहां लीकेज बढ़ जाती है। इसके अलावा यहां पर स्टिल्ट क्षेत्र में आठ फ्लैट बना दिए गए हैं। जो फ्लैट बनाए गए हैं उनमें से तीन फ्लैट बेच भी दिए हैं। अन्य फ्लैटों के निर्माण पर डीटीपी ने रोक लगा दी है। सोसाइटी का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बंद है। फायर सिस्टम के लिए प्रयोग होने वाला होजपाइप से सीवरेज प्लांट का पानी निकाला जा रहा है। फायर सिस्टम पूरी तरह ठप है। इन सभी के चलते ओसी नहीं मिल पा रही है।
वरिष्ठ नगर योजनाकार संजीव मान ने कहा कि बिल्डर के प्रतिनिधि को बुलाकर निर्देश दिया कि ओसी के लिए नए सिरे से आवेदन करे। लाईसेंस का नवीनीकरण कराकर सोसाइटी का ओसी लेकर सुविधाएं दी जाए।