प्रधान ने गरीब लोगों के मुफ्त में पैरवी करने की अपील की
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिला बार एसोसिएशन पदाधिकारियों ने मंगलवार को पालम 360 खाप के प्रधान चौधरी सुरेंद्र सोलंकी को सम्मानित किया। इस दौरान जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष नवीन यादव ,सचिव संदीप सहरावत,अधिवक्ता प्रवीण कटारिया, अधिवक्ता धर्मवीर कटारिया के साथ अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।
चौधरी सुरेंद्र सोलंकी ने बार एसोसिएशन के कार्य की तारीफ करते हुए कहा कि बार एसोसिएशन के काम की तारीफ दिल्ली की भी तमाम कोर्ट में होती है। इसके साथ ही उन्होंने बार एसोसिएशन व अधिवक्ताओं से अपील की कि गरीबों को अदालती संबंधी मामलों में सहयोग करें। अगर संभव हो तो उनकी पैरवी मुफ्त में करने की कोशिश की जाए।
उनका कहना है कि गरीबों को कानून के बारे में जानकारी नहीं होती है और न ही उनके पास मुकदमा की पैरवी करने के लिए पैसे होते हैं। जानकारी व पैसे के अभाव में मुकदमे में फंसे रह जाते हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को सरकारी योजनाओं के बारे में भी समय-समय पर अवगत कराते रहें। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं को आश्वासन देते हुए कहा कि उन्हें किसी भी मदद की आवश्यकता हो तो वह पालम खाप से संपर्क करने में संकोच न करे।