गुरुग्राम। नाहरपुर रूपा में एक्सिस बैंक के एटीएम बूथ से हुई 32 लाख रुपये की चोरी के मामले में पुलिस के शक की सुई पैसा जमा करने वाले कर्मचारियों के आस-पास घूम रही है। डीसीपी ईस्ट ने सोमवार को सदर थाने में जांच में लगी टीम के सदस्यों के साथ इसकी समीक्षा की।
पुलिस ने पैसा जमा करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ की है। अब तक की छानबीन में वही केंद्र में हैं। डीसीपी ईस्ट मकसूद अहमद ने बताया कि 16 मिनट के भीतर वारदात को अंजाम दिया गया। पूरी मशीन में कोई कट नहीं है। चोरी करने वाला पूरी तरह से एटीएम के सिस्टम में दक्ष है। उसने कैमरे पर स्प्रे किया और महज 16 मिनट में वारदात को अंजाम दिया। डीसीपी ईस्ट ने इस संबंध में पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। पुलिस की ओर से इन कर्मचारियों से पूछताछ की जा चुकी है। अब उनकी ट्रैवल हिस्ट्री देखी जा रही है। वह कहां-कहां गए और किस-किस संपर्क में थे, सब खंगाला जा रहा है।