गुरुग्राम। पालम विहार स्थित सेक्टर-23ए में रविवार को पुलिस-पब्लिक संवाद का आयोजन किया गया। यहां पुलिस अधिकारियों ने खुद के साथ सेक्टर के करीब 200 लोगों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाया। ग्रुप पर अपनी समस्याएं शेयर करने की अपील की।
सद्भावना वेलफेयर सोसाइटी और प्रवासी एकता मंच के सहयोग से आयोजित हुए पुलिस-पब्लिक संवाद में सेक्टर-23ए के लोगों ने इलाके में बढ़ते अपराध का जिक्र करते हुए यहां पुलिस चौकी स्थापित करने व पुलिस पेट्रोलिंग तेज करने को कहा। लोगों ने बताया कि महिलाओं से इलाके में छिनेती, लूट की वारदात बढ़ गई हैं। पुलिस हेल्पलाइन नंबर सही से काम नहीं करता। इस पर एसीपी उद्योग विहार राजीव कुमार ने कहा कि हरियाणा में पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 काम करता है।
इसके साथ ही लोग पुलिस से जुड़ी अपनी समस्याएं पुलिस-पब्लिक वाट्स एप ग्रुप में भी रख सकते हैं। इमरजेंसी के समय क्षेत्र के एसएचओ व अन्य पुलिस अधिकारियों के मोबाइल नंबर पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। यहां प्रवासी एकता मंच अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह, वार्ड-2 पार्षद राकेश यादव, सद्भावना वेलफेयर सोसाइटी अध्यक्ष वीरेंद्र यादव, नीरू यादव, एडवोकेट विक्रम सिंह, एसएचओ थाना पालम विहार आदि मौजूद रहे।