गुरुग्राम। पुराने शहर में सोमवार को छह घंटे की बिजली कटौती से लोग परेशान हो उठे। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधिकारियों को फोन लगाते रहे, लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हुई। सप्ताह का पहला दिन होने से दफ्तरों में भी काम प्रभावित रहा। दोपहर 12 बजे तक धीरे-धीरे सभी इलाकों में आपूर्ति बहाल हुई।
गंगा विहार, मियां वाली कॉलोनी, सदर बाजार इलाका, सिविल लाइन क्षेत्र व सेक्टर-15 सहित आदि इलाकों में सुबह छह बजे बिजली चली गई। लोगों को लगा कि रोजाना की तरह एक या दो घंटे की कटौती होगी, लेकिन जब सुबह दस बजे तक भी बिजली नहीं आई तो परेशान लोगों ने बिजली अधिकारियों को फोन लगाने शुरू कर दिए। लोगों ने बताया कि कहीं से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। कई अधिकारियों ने तो फोन तक नहीं उठाए।
महावीर चौक पर जीएमडीए के निर्माण कार्य की वजह से शट डाउन लिया गया था। वहीं सदर बाजार में फॉल्ट हुुआ था। इसे कर्मचारी भेजकर सही कराया गया। इसके बाद आपूर्ति शुरू कर दी गई।
होशियार सिंह, कार्यकारी अभियंता, शहर, डीएचबीवीएन