फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मॉडल रोड बनाने का खाका तैयार, काम जल्द होगा शुरू

विज्ञापन
विज्ञापन
गुरुग्राम। जीएमडीए, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग और एनएचएआई अब अपने-अपने इलाके में मॉडल रोड बनाएंगे। कई जगह पर इसके टेंडर हो गए हैं और काम शुरू होने वाला है। जिला सड़क सुरक्षा परामर्श समिति की शुक्रवार की बैठक में इस पर मंथन हुआ। अध्यक्षता करते हुए जिला उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने सड़क निर्माण व अभियांत्रिकी से जुड़े अधिकारियों को समय से काम पूरे करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन

जीएमडीए अधिकारियों ने बताया कि चार सड़कों को मॉडल के रूप में विकसित किया जाएगा। इनमें एमजी रोड का इफ्को चौक से वजीराबाद मेट्रो स्टेशन तक का हिस्सा शामिल है, जिसकी मुख्य सड़क को ठीक कर दिया गया है। अब साइकिल ट्रैक व फुटपाथ बनाया जाएगा। श्याम चौक के पास सनाथ रोड, सेक्टर-58 से सेक्टर 67 तक के रोड को मॉडल सड़क बनाने का टेंडर हो चुका है। शीतला माता रोड की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि सभी 35 वार्डो में एक-एक सड़क को मॉडल रोड बनाया जाएगा। इसके लिए लगभग 17 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है। लोक निर्माण विभाग ने बताया कि गांव चंदू से लेकर बादली तक की सड़क को तीन करोड़ से बनाएंगे। एनएचएआई के अधिकारियों ने बताया कि राजीव चौक से हीरो होंडा चौक तक हाईवे को मॉडल बनाएंगे। फुटपाथ और सर्फेस ड्रेन की सफाई के लिए जीएमडीए के अधिकारियों के साथ बैठक की गई है।
विज्ञापन

स्कूल व अस्पतालों के पास लगेंगे संकेतक बोर्ड
जीएमडीए और नगर निगम जिले के सभी स्कूलों तथा अस्पतालों के निकट संकेतक बोर्ड लगाएंगे। इन स्थानों पर हॉर्न नहीं बजाने, वाहन की गति धीमी रखने संबंधी सुरक्षात्मक निर्देश बोर्ड लगाए जाएंगे। ऐसे बोर्ड लगाने के लिए 265 बिंदुओं को चिन्हित किया गया है। उपायुक्त ने स्थान चिन्हित करने के लिए डीसीपी ट्रैफिक, उप जिला शिक्षा अधिकारी, उप सिविल सर्जन तथा जीएमडीए के प्रतिनिधि को शामिल कर एक समिति बनाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा जीएमडीए और नगर निगम द्वारा वाहनों की पार्किंग के लिए शहर में तय स्थानों पर बोर्ड लगवाए जाएंगे, जिससे लोगों को उन स्थानों के बारे में पता चल सके।
टोल प्लाजा पर इमरजेंसी लेन होगी
टोल प्लाजा पर एंबुलेंस, दमकल वाहनों आदि के लिए इमरजेंसी लेन का प्रावधान होगा। संबंधित एसडीएम इसकी पालन कराएंगे। एसडीएम अंकिता चौधरी ने बताया कि उन्होंने खेड़की दौला टोल प्लाजा पर इमरजेंसी लेन बनाने के आदेश धारा-133 के तहत दे दिए हैं। उपायुक्त ने टोल प्लाजा के प्रतिनिधियों को बताया कि यदि अलग से इमरजेंसी लेन नहीं बनी है तो धारा-188 के तहत उनके खिलाफ पुलिस केस दर्ज हो सकता है। सभी टोल प्लाजा इसकी व्यवस्था कर लें। एसडीएम इसका लिखित जवाब मांगे। हाईवे के साथ बने औद्योगिक क्षेत्रों में भारी वाहनों का प्रयोग होता है, जिससे हाईवे की सर्विस लेन टूट जाती है। इसका संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने कहा कि एनएचएआई औद्योगिक क्षेत्रों में सर्विस लेन की बजाय हाईवे की तरह मजबूत इंडस्ट्रियल कैरेज-वे बनाएं।
हाईवे के साथ बनी ड्रेनेज की सफाई की जा चुकी
शंकर चौक से राजीव चौक तक हाईवे के साथ बनी ड्रेनेज की सफाई की जा चुकी है। थोड़ा कार्य अभी चल रहा है। बरसाती पानी निकासी के लिए बनी लैग-1 के कल्वर्ट की सफाई भी की जा चुकी है। सिग्नेचर टावर और झाड़सा गांव की तरफ से आने वाले बरसाती पानी को लैग-2 में डालने की व्यवस्था की गई थी, लेकिन वह ड्रेन पहले ही भरी हुई चल रही है, इसलिए उस पानी की निकासी के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था करनी पडे़गी।
पैदल चलने वालों की मुश्किलें दूर होंगी
राजीव चौक से सोहना तक बनाए जा रहे हाईवे पर पैदल राहगीरों के लिए सड़क पार करने का कोई प्रावधान नहीं है। उपायुक्त ने कहा कि डीसीपी ट्रैफिक और एनएचएआई के अधिकारी संयुक्त निरीक्षण कर पैदल यात्रियों के लिए हाईवे पार करने की व्यवस्था बनाएं। इसके अलावा पहले से चिन्हित ब्लैक स्पॉट को रोड इंजीनियरिंग से ठीक किया जाए। इसके लिए समय-सीमा भी निर्धारित की गई। मसलन, एमडीआई चौक की डिजाइनिंग डीसीपी ट्रैफिक और आरटीए सचिव आगामी 10 जून तक करेंगे। इफ्को चौक पर पैदल यात्रियों को सड़क पार कराने के लिए टोपोग्राफिक सर्वे हो चुका है और उसका डिजाइन तैयार है। वहां पर बने सब-वे में रोशनी तथा अन्य सुरक्षा मानकों की कमी आगामी छह जून तक ठीक की जाएगी। खुशबू चौक पर भी सड़क सुरक्षा उपाय किए जाएंगे। शंकर चौक पर पैदल यात्रियों के लिए डीएलएफ ने सब-वे बनाने की सैद्धांतिक सहमति जताई है। इस पर एडीसी विश्राम कुमार मीणा को डीएलएफ के प्रतिनिधि के साथ बैठक करने के निर्देश दिए गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें