गुरुग्राम। आईएमटी मानेसर स्थित एक कंपनी में काम करने वाले चीनी नागरिक से बांस चौक पर बाइक सवार दो बदमाशों ने नाम और पता पूछकर मारपीट की। उसके बाद मोबाइल छीनकर फरार हो गए। इस दौरान पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गए, उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
चीनी नागरिक लिन जेसन ने बताया कि वह आईएमटी मानेसर मेें गाओ न्यू इंडस्ट्री में काम करते हैं। शुक्रवार रात वह यहां से काम करके पास घर जा रहे थे। रास्ते में बांस चौक पर एक बाइक पर आए दो युवकों ने रोक लिया। पहले नाम और पता पूछा, उसके बाद उनसे छीना-झपटी करने लगे। विरोध करने पर उनके साथ जमकर मारपीट की, जिसके कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी दौरान उनके हाथ से मोबाइल फोन और चश्मा भी छीन ले गए। घायल ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी। मौके पर आई पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया। पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है। हुलिया के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है।