गुरुग्राम में शस्त्र लाइसेंस बनाने के नाम पर हुई धोखाधड़ी के मास्टर माइंड मनीष भारद्वाज की हत्या उसके साथी सन्नी ने ही की थी। वारदात के बाद से ही फरार चल रहे सन्नी को शुक्रवार को पुलिस ने धर दबोचा। कोर्ट में पेश किए जाने के बाद पुलिस ने हत्यारोपी को पूछताछ के लिए दो दिन के रिमांड पर लिया है।
शुरूआती जांच में पता चला है कि मनीष ने मोटे ब्याज पर सन्नी को पैसा दे रखा था। इसका ब्याज-चुकाते-चुकाते वह परेशान हो गया था। उससे तंग आ कर वारदात को अंजाम दिया है। एसीपी प्रीतपाल ने पत्रकारों को बताया कि न्यू कालोनी थाना क्षेत्र में मनीष भारद्वाज की हुई हत्या के मामले में पुलिस ने सन्नी को ईफको चौक के पास से गिरफ्तार किया है।
उसके पास से एक रिवाल्वर व दो कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि मनीष ने 15 प्रतिशत ब्याज की दर पर पैसा दे रखा था। इसका ब्याज चुकाते-चुकाते वह तंग हो चुका था। इसके बावजूद मनीष पैसा वसूलने के लिए उसके परिवार वालों को सबक सिखाने तक की धमकी देने लगा था। इस कारण उसने वारदात को अंजाम दिया। न्यू कॉलोनी थाना पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।
इस दौरान उसे स्कूटी बरामद करनी है। बता दें कि मार्च 2017 में फर्जी कागजात पर शस्त्र लाइसेंस बनाने का खुलासा हुआ था। इसका मास्टर माइंड मनीष था। उसके साथ सन्नी कांत भी आरोपी था। पुलिस की टीम मामले की जांच सभी एंगल से की जा रही है।