सेक्टर-38 में रहने वाली मणिपुर की युवती की दिल्ली में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। एक निजी अस्पताल से मिली जानकारी के बाद बसंत कुंज थाना पुलिस ने युवती का शव पोस्टमार्टम के लिए सफदरजंग अस्पताल में रखवा दिया है।
मणिपुर की रहने वाली 24 साल की युवती यहां स्पा सेंटर में काम करती थी। उसे दिल्ली में रहने वाले दो नाइजीरियन युवक अपने साथ लेकर गए थे। उनका कहना है कि युवती की तबीयत खराब थी, इसलिए वह उसे दवा दिलाना चाहते थे। उपचार के लिए जब उसे दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित बताया दिया।
अस्पताल प्रबंधन ने इसकी जानकारी दिल्ली के बसंत कुंज थाने में दे दी है। वहीं दूसरी ओर, बसंत कुंज थाना पुलिस ने यह जानकारी गुरुग्राम पुलिस को दे दी है। दिल्ली पुलिस व गुरुग्राम पुलिस की आपस में हुई बातचीत के बाद बसंत कुंज थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर सफदरजंग अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है।
पुलिस को छानबीन के दौरान पता चला है कि युवती सुशांतलोक थाना क्षेत्र में एक स्पा सेंटर में काम करती है। नाइजीरियन युवकों के साथ वह अपनी मर्जी से गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह खुलासा होगा कि युवती की मौत का कारण क्या रहा है।
दिन भर सीमा विवाद में उलझी रही ईस्ट जोन की थाना पुलिस
दिल्ली पुलिस की ओर से सुबह से यह मैसेज मिला था कि मामला सुशांत लोक थाने का है। जिसके बाद यह बताया गया कि स्पा सेंटर सेक्टर 43 में है। कुछ देर बाद युवती का घर सेक्टर-40 में बताया गया। अंत में सेक्टर-38 में युवती के रहने का पता चला। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के निर्देश पर एक अधिकारी को जांच के लिए दिल्ली भेजा गया। संबंधित तीनों इलाके के थाना प्रभारियों का कहना है कि दिल्ली पुलिस जानबूझ कर मामले को गुरुग्राम पुलिस को देना चाहती है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मामले का खुलासा हो सकेगा।
फोर्टिस अस्पताल से मणिपुर की रहने वाली युवती को लेकर दो नाइजीरियन युवक के आने की सूचना थी। युवती की संदिग्ध हालात में मौत होने के कारण शव को पोस्टमार्टम के लिए सफदरजंग अस्पताल में रखवा दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का खुलासा हो सकेगा।
- गौरव शर्मा, दक्षिण-पश्चिम डीसीपी, नई दिल्ली।