गुरुग्राम। गांव खांडसा स्थित एक निजी बैंक के एटीएम बूथ के बाहर एक युवक लोगों को ठगी का शिकार बनाने की फिराक में था। वह एटीएम से पैसे निकालने के लिए आने वाले लोगों को सोशल मीडिया पर एक आयुर्वेदिक संस्थान का फर्जी विज्ञापन दिखाकर कम पैसों में आयुर्वेदिक उपचार करवाने का झांसा दे रहा था।
उस दौरान क्षेत्र में गश्त कर रही पुलिस को इसकी जानकारी मिल गई। सूचना पाते ही पुलिस ने टीम गठित कर आरोपी को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मूलरूप से झारखंड के चतरा निवासी विकास कुमार के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच कर रही है।
सेक्टर-37 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राहुल देव ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम एएसआई जसवंत व अन्य आदि गांव खांडसा क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इस दौरान उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति फर्जी एटीएम कार्ड लेकर लोगों को ठगी का शिकार बनाने की साजिश कर रहा है। वह गांव स्थित एक निजी बैंक के एटीएम बूथ के बाहर ठगी के फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही गश्त कर रहे अधिकारी टीम गठित कर मौके पहुंच गए। पुलिस को देखकर एक युवक भागने लगा। उसे तुरंत खदेड़कर पकड़ा गया। उसके पास से दो एटीएम मिले। उसकी जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
ऐसे करता था ठगी
पूछताछ में आरोपी विकास कुमार ने पुलिस को बताया कि वह नामी आयुर्वेदिक संस्थान का फर्जी विज्ञापन तैयार करता था। फिर उसे सोशल मीडिया पर डालकर लोगों को दिखाता था। इसके बाद लोगों को बताता था कि वह कम पैसों में आयुर्वेदिक इलाज कराने में मदद करेगा। झांसे में आए लोगों से सारी जानकारी जुटाकर उसके साथ ठगी करता था। साथ ही उसके खाते से भी फर्जी तरीके से पैसे निकालता था। यहां तक कि आरोपी झांसे में आए व्यक्तियों को एटीएम से पैसे निकाल कर देने का दबाव बनाता था। जैसे ही लोग एटीएम से पैसे निकालने पहुंचते थे, उसका एटीएम कार्ड बदलकर खाते से पैसे निकाल लेता था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच कर रही है।