गुरुग्राम। जैकबपुरा में एक महिला को व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल करके एक युवक ने पिस्तौल दिखाई और चार लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। महिला के शिकायती पत्र के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
गीतिका गुलाटी निवासी जैकबपुरा ने पुलिस को बताया है कि उसे 14 अगस्त 2021 से एक युवक व्हाट्सएप कॉल करके चार लाख रुपये की रंगदारी मांग रहा है। शुक्रवार को आरोपी ने कई बार वीडियो कॉल की। परेशान होकर जब महिला ने कॉल उठाया तो पिस्तौल दिखाते हुए महिला से कहा कि जीवनभर इतने रुपये कमाए हैं। इनमें से अगर चार लाख रुपये नहीं दिए तो जान से मार देगा। गीतिका शनिवार को शहर थाना पहुंची और पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया।
साथ में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया। थाना पुलिस ने बताया कि पीड़िता के पति ने कुछ दिनों पहले आत्महत्या कर ली थी। उन्हें आत्महत्या के लिए उकसाने में महिला ने कई व्यक्तियों पर केस दर्ज कराया था। संदेह है कि कहीं उन्हीं आरोपियों में से तो कोई महिला को फिर से परेशान नहीं कर रहा है। जांच की जा रही है। थाना प्रभारी का कहना है कि महिला के बयान से लग रहा है कि मामला गंभीर है।