बाहरी-उत्तरी दिल्ली के बवाना औद्योगिक क्षेत्र की वारदात, आरोपी ने दो साल से बंद पड़ी एक फैक्टरी में फेंका शव
पुलिस ने आरोपी को कोलकाता के पास ट्रेन से दबोचा, बुधवार दिल्ली लेकर पहुंची पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। बाहरी-उत्तरी दिल्ली के बवाना औद्योगिक क्षेत्र में एक सिरफिरे युवक ने पांच साल की मासूम को अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में आरोपी ने ब्लेड और ईंट से वार कर बेरहमी से मासूम की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने शव को एक बंद पड़ी फैक्टरी में फेंक दिया और फरार हो गया।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की तो सीसीटीवी कैमरे में आरोपी को मासूम के साथ देखा गया। उसके आधार पर टीम पीछा करते हुए पश्चिम बंगाल पहुंच गई। कोलकाता के पास आसनसोल में ट्रेन से आरोपी टोटन उर्फ लोहार (27) को धर दबोचा । बुधवार को आरोपी को दिल्ली लाया गया, जहां उसकी निशानदेही पर मासूम के शव को एक बंद पड़ी फैक्टरी से बरामद किया गया। शव के पास से वारदात में इस्तेमाल ब्लेड और ईंट भी बरामद की गई। क्राइम टीम के अलावा एफएसएल ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने मासूम का शव पोस्टमार्टम के बाद परिवार के हवाले कर दिया है।
आरोपी के खिलाफ मासूम को अगवा कर हत्या करने, सबूत मिटाने, दुष्कर्म और पॉक्सो समेत अन्य धाराओं में मामला कर छानबीन की जा रही है। आरोपी ने खुलासा किया है कि 24 मार्च की शाम को ही उसने मासूम की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी थी। बाद में वह पश्चिम बंगाल के लिए ट्रेन में सवार हो गया था।
चाय की दुकान चलाते हैं मासूम के माता-पिता
पुलिस के मुताबिक मासूम परिवार के साथ बवाना औद्योगिक क्षेत्र में रहती थी। इसके परिवार में माता-पिता व अन्य सदस्य हैं। मासूम के माता-पिता चाय की दुकान चलाते हैं। मासूम माता-पिता के साथ चाय की दुकान पर ही रहती थी। होली वाले दिन शाम को अचानक मासूम अपने घर के पास से गायब हो गई।
परिजनों ने इधर-उधर उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। परेशान होकर देर रात 11.00 बजे परिवार ने पीसीआर कॉल कर मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची। छानबीन के बाद पुलिस ने शक के आधार पर अपहरण का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। परिवार से पूछताछ हुई। आखिरी बार मासूम को शाम पांच बजे चाय की दुकान के पास देखा गया था। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल शुरू की। करीब 50 सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल करने पर एक कैमरे में मासूम आरोपी के साथ जाती हुई दिखाई दी। परिजनों को सीसीटीवी फुटेज दिखाया गया तो फौरन उन्होंने आरोपी की पहचान कर ली।
चिप्स दिलवाने के बहाने अगवा कर ले गया था आरोपी
पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसने चिप्स और टॉफी दिलवाने के बहाने मासूम को अगवा किया। वह चाय की दुकान पर पहुंचा तो मासूम वहीं खेल रही थी। उसने मासूम से कहा कि वह उसे चिप्स और टॉफी देगा। बाद में वह उसे अपने साथ ले गया। बाद में सुनसान जगह ले जाकर मासूम के साथ हैवानियत की।
आरोपी ने भेद खुलने के डर से मासूम की ब्लेड और ईंट से वार कर हत्या कर दी। शव को फैक्टरी में फेंककर आरोपी फरार हो गया। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर तथ्य जुटाने में लगी है।