गुरुग्राम। मौसम में दिनों दिन हो रहे परिवर्तन को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने वाहन दुर्घटना रोकने की कवायद शुरू कर दी है। डीसीपी ट्रैफिक ने जीएमडीए को पत्र लिख कर नगर निगम और हुडा क्षेत्र में आने वाली सड़कों की स्ट्रीट लाइट ठीक कराने, रिफ्लेक्टर, कैट आई, जर्सी कैरियर व अन्य संसाधन लगवाने को कहा है। माना जा रहा है कि दिसंबर माह के पहले सप्ताह तक इसे पूरा किया जाएगा। शासन की ओर से 15 नवंबर से निर्माण कार्य पर रोक लगी थी। रोक हट जाने के बाद से काम को गति मिलेगी।
कोहरा के कारण वाहन दुर्घटना बढ़ जाती है। इसको देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने वाहन दुर्घटना के प्वाइंट तय करने के बाद जीएमडीए को पत्र लिखा है। इसमें डिवाइडर को पेंट कराने के साथ मार्ग पर लगी स्ट्रीट लाइट को दुरुस्त कराए जाने की भी बात कही गई। जीएमडीए की ओर से संबधित विभागों के साथ इस विषय पर समीक्षा बैठक हो चुकी है। अलग-अलग विभागों की ओर से टेंडर निकाल कर उसे पूरा करने को कहा गया है। साथ ही वाहन दुर्घटना का कारण टूटी सड़कें भी बनती हैं। कोहरे में एक गति में चल रहे वाहनों को अचानक गड्ढा मिल जाने पर वाहनों में ब्रेक लगता है। जिससे पीछे आ रहे वाहनों की भिड़त हो जाती है। इसलिए सड़कों के गड्ढों की मरम्मत कराने पर भी जोर दिया गया है।
पुलिस की ओर से तय वाहन दुर्घटना के प्वाइंट
: दिल्ली-जयपुर हाईवे पर कापड़ीवास के पास
: गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर ग्वाल पहाड़ी के आगे
: गुरुग्राम-सोहना मार्ग पर वाटिका चौक के आगे
: फर्रुखनगर से गुरुग्राम मार्ग वजीरपुर मोड़ के पास
: पटौदी से गुरुग्राम मार्ग पर गाढ़ौली के पास