गुरुग्राम में आबकारी विभाग ने कासा डांजा क्लब पर कार्रवाई कर लाइसेंस रद्द कर दिया है। क्लब पार्टी में दौरान युवक-युवतियों को नशीला पदार्थ मुहैया कराया जा रहा था। पुलिस रेड में क्लब से अलग-अलग प्रकार के मादक पदार्थ व प्रतिबंधित नशीली दवाएं मिलीं।
गुरुग्राम में पार्टी के दौरान युवक-युवतियों को क्लब में नशीला पदार्थ परोसने पर आबकारी विभाग ने कासा डांजा क्लब का लाइसेंस रद्द कर दिया है। यह कार्रवाई पुलिस द्वारा की गई रेड व क्लब के संचालन में पाई गई अनियमितताओं को आधार पर की गई।
विज्ञापन
पुलिस के भेजे पत्र के बाद आबकारी विभाग ने की कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि उद्योग विहार थाना क्षेत्र में कासा डांजा नामक क्लब में की जा रही पार्टी में युवक-युवतियों को नशीला पदार्थ मुहैया कराया जा रहा है। इस पर पुलिस की कई टीमों ने 27-28 जनवरी की देर रात संयुक्त रूप से क्लब में रेड की। इस दौरान पुलिस को मौके पर क्लब से अलग-अलग प्रकार के मादक पदार्थ और प्रतिबंधित नशीली दवाएं मिलीं। वहीं, पुलिस ने क्लब में पार्टी करने वाले 288 लडके और लड़कियों के ब्लड सैम्पल भी लिए थे।
पुलिस ने क्लब संचालकों व मैनेजर पर भी केस दर्ज कर कार्रवाई शुरु कर दी। इसके बाद पुलिस की ओर से आबकारी विभाग को क्लब का लाइसेंस रद्द (कैंसिल) करने के बारे लिखा गया था। इस पर कार्रवाई करते हुए आबकारी विभाग ने क्लब का लाइसेंस रद्द कर दिया।