गुरुग्राम। प्रॉपर्टी विवाद में महिला का अपहरण कर दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला के साथ ही परिवार के चार लोगों का कार में अपहरण कर लिया गया। बाद में आरोपी उन्हें बख्तावर चौक के पास सड़क किनारे उतारकर फरार हो गए। सदर थाना पुलिस ने मारपीट, अपहरण, दुष्कर्म के प्रयास, चोरी, घर में घुसकर जान से मारने की धमकी देने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
सदर थाना पुलिस के अनुसार मामला सेक्टर-47 क्षेत्र की एक सोसाइटी में एक मकान के विवाद का है। आरोप निखिल, रोहित, बहादुर, शोभित व अन्य पर है। शिकायतकर्ता का कहना है कि वो सोसाइटी में अपने परिचित के मकान में परिवार के साथ रहते हैं। परिचित दंपती रविवार को बाहर गए हुए थे, जबकि शिकायतकर्ता, उसकी पत्नी व दो बेटे मकान में थे। रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे 4-5 युवक मकान में घुसे और परिवार से मारपीट करने लगे। आरोप है कि महिला दंपती को घसीटकर दबंग एक कमरे में ले गए और वहां दुष्कर्म का प्रयास किया। फिर चारों को बलपूर्वक कार में बैठाकर अपहरण कर लिया गया। बख्तावर चौक पर उन्हें कार से उतार दिया और वहां व्यक्ति को मारने की कोशिश की। परिवार वहां से सेक्टर-14 क्षेत्र में पहुंचे। दबंगों ने वहां तक परिवार का पीछा किया। आरोप है कि घर में घुसने के दौरान उनके साथ दो महिलाएं भी थीं। उनमें से एक खुद को निखिल की पत्नी व दूसरी सास बता रही थी। आरोपियों ने अपना सामान जबरन उस मकान में रख लिया। घायल पक्ष के लोगों ने निजी अस्पताल में उपचार कराया। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की जांच में सामने आया है कि निखिल ने इस मकान की जीपीए शिकायतकर्ता के परिचित के नाम करा दी थी। जिसने अपनी पत्नी के नाम मकान की रजिस्ट्री करा दी थी। प्रॉपर्टी की ये खरीद-फरोख्त साल 2015 में हुई थी, लेकिन अब निखिल उस जीपीए को निरस्त करा चुका है और इस मकान पर कब्जा करना चाहता है। पुलिस ने मामले की छानबीन के दौरान शोभित व निखिल को गिरफ्तार कर लिया है।