गुरुग्राम। लगातार बढ़ रहे कोविड संक्रमण रोकने के लिए नगर निगम ने संक्रमित व्यक्ति के घर से बॉयोमेडिकल वेस्ट उठाने के लिए गाड़ियों की संख्या चार से बढ़ाकर आठ करने का फैसला लिया है। इसके अलावा डेड बॉडी मैनेजमेंट के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए हैं। तय किया गया है कि जहां से यह वेस्ट उठाया जाएगा, उस इलाके को सेनिटाइज भी किया जाए। इस संबंध में बुधवार को निगमायुक्त मुकेश कुमार आहूजा ने एक बैठक की और अधीनस्थों को निर्देश दिए। बैठक में नगर निगम के अलावा स्वास्थ्य विभाग और पुलिस के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
नगर निगम ने होम आइसोलेशन के कोविड संक्रमितों के घरों से बॉयोेमेडिकल वेस्ट उठाने के लिए आठ गाड़ियों की व्यवस्था की है। फिलहाल चार गाड़ियां जोन के अनुसार होम आइसोलेशन के मरीजों के घरों से बॉयोेमेडिकल वेस्ट उठा रही हैं। चार गाड़ियां और बढ़ा दी जाएंगी। संक्रमित के शव को श्मशान या कब्रिस्तान तक ले जाने के लिए भी दो शव वाहन की व्यवस्था रहेगी। शवों का अंतिम संस्कार करने के लिए भी टीमों का गठन किया जाएगा। बैठक में अतिरिक्त आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा, सिविल सर्जन डॉ. वीरेन्द्र यादव, डिप्टी म्यूनिसिपल कमिश्नर डॉ. विजयपाल यादव, डॉ. एमपी सिंह, सफाई अधिकारी विजेन्द्र शर्मा, वरिष्ठ सफाई निरीक्षक ऋषि मलिक, सलाहकार चाहत सांघवी आदि मौजूद थे।