गुरुग्राम। ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तहत देश के कोने-कोने से सीआरपीएफ का 15 काफिला साइकिल से दिल्ली पहुंच रहा है। सीआरपीएफ के 25 जवानों की ओर से साइकिल रैली निकाली गई है। यह सभी 30 सितंबर तक सीआरपीएफ केंद्र कादरपुर में एकत्रित होंगे। जहां से पूरे जोश के साथ रैली दो अक्तूबर को राजघाट के लिए निकलेगी।
जम्मू से लेकर कन्याकुमारी तक के अलग-अलग सीआरपीएफ केंद्र से जवान कादरपुर पहुंच रहे हैं। कुछ केंद्र के जवान गाजियाबाद , ग्रेटर नोएडा के केंद्र पर पहुंचेंगे। यह जवान एक हजार किमी से लेकर दो हजार किमी तक साइकिल चलाकर आ रहे हैं। इनके साथ इतने ही जवान और चल रहे हैं। जो इनके कवरिंग के लिए हैं। कन्याकुमारी से चलकर झांसी, ग्वालियर होते हुए एक दल सीआरपीएफ पहुंचेगा। जबकि दूसरा दल जोरहाट से आयेगा। तीसरा दल जम्मू से चौथा दल साबरमती आश्रम से गांधी नगर अहमदाबाद होते हुए गुरुग्राम कादरपुर पहुंचेगा। कुल 225 साइकिलिस्ट को दो अक्तूबर को सुबह साढ़े नौ बजे झंडी दिखाई जायेगी।
कादरपुर सीआरपीएफ केंद्र के पुलिस उप महानिरीक्षक सुनील जून ने बताया कि देश की आजादी से जुड़े जितने भी स्थल रास्ते में पड़ रहे हैं, जवान वहां पर पहुंच रहे हैं। इस रास्ते में पड़ने वाले राज्य सरकार की ओर से उनका भव्य स्वागत किया जा रहा है। ‘आजादी के अमृत महोत्सव’ के महापर्व पर सीआरपीएफ के जवान दो दिन पहले से कादरपुर केंद्र पर पहुंचने लगे। उनके स्वागत व राजघाट तक पहुंचने की तैयारी पूरी हो चुकी है।