झज्जर के ध्यानार्थ
मां के अंतिम संस्कार में जाने के लिए मांगी बाइक, नहीं लौटाई
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। मां के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए दोस्त की बाइक लेकर गए युवक ने वापस नहीं लौटाई। पीड़ित ने जब भी बाइक वापस मांगी तो आरोपी कोई न कोई बहाना बनाने लगा। इस पर उसने सेक्टर-53 थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जंाच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार कुरूक्षेत्र निवासी मनीराम आरडी सिटी में रहता है। उसकी दोस्ती काफी वर्ष पहले झज्जर निवासी विकास से हुई थी। दोनों पहले एक ही कंपनी में टाटा-407 चलाते थे। मनीराम ने टाटा-407 छोड़कर आरडी सिटी में एक गाड़ी पर ड्राइवर की नौकरी पकड़ ली थी। आरोप है कि करीब 8 महीने पहले विकास उनके पास आया और अपनी मां की मौत होने की सूचना दी। इसके साथ ही उसने अपने पैतृक गांव झज्जर जाने के लिए उससे बाइक मांगी, ताकि वह मां के अंतिम संस्कार में शामिल हो सके। काफी समय बीत जाने के बाद भी विकास वापस नहीं लौटा। इस पर मनीराम ने उसे फोन कर बाइक वापस करने को कहा, लेकिन कोई न कोई बहाना बनाकर विकास बात को टाल देता। इस पर उसने पुलिस को शिकायत दी। हेड कांस्टेबल संत कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।