कैब में बैठाकर बहुराष्ट्रीय कंपनी के अधिकारी से की लूटपाट
गुरुग्राम। शंकर चौक से बुधवार को दिल्ली जाने के लिए कैब में बैठे बहुराष्ट्रीय कंपनी के अधिकारी से चालक ने साथियों सहित हथियार के बल पर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने उनके एटीएम कार्ड के जरिये बैंक खाते से रुपये निकालकर पीड़ित को गोल्फ कोर्स रोड पर छोड़ दिया और फरार हो गए। शिकायत के आधार पर उद्योग विहार थाना पुलिस ने बुधवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक दिल्ली के ख्याला निवासी बाला कृष्णनन गुरुग्राम की एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में कार्यरत हैं। वह बुधवार दोपहर को शंकर चौक से कैब में दिल्ली जाने के लिए बैठे थे। कैब में चालक सहित तीन लोग मौजूद थे। आरोप है कि चालक ने कैब चलते ही उसे गोल्फ कोर्स रोड की ओर घुमा दिया। जब बाला कृष्णनन ने विरोध किया तो कैब में मौजूद अन्य लोगों ने उसे हथियार के बल पर बंधक बना लिया और गोल्फ कोर्स रोड अंडरपास में ले जाकर उससे मोबाइल, नकदी सहित एटीएम कार्ड छीन लिया। आरोपियों ने गोल्फ कोर्स रोड पर ही एटीएम से करीब 50 हजार रुपये निकाल लिए। रुपये निकालने के बाद आरोपियों ने उसे सड़क पर ही उतार दिया और फरार हो गए।