कार शोरूम के सेल्समैन से बदमाशों ने छीनी गाड़ी
गुरुग्राम। कार शोरूम के सेल्समैन से बदमाशों ने मारपीट कर गाड़ी छीन ली। पीड़ित की शिकायत पर फर्रूखनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार धानावास निवासी रामकिशन ने शिकायत में कहा कि वह क्षेत्र की न्यू मंगला मोटर्स में सेल्समैन हैं। मंगलवार को वह अपनी ड्यूटी समाप्त कर बलीनो गाड़ी से घर जा रहे थे। वह वजीरपुर अंडरपास के पास शौच के लिए रुके थे। जब वह शौच करके वापस आए तो दो युवक उनकी गाड़ी के पास खड़े थे। युवकों ने उन्हें कब्जे में लेकर गाड़ी की चाबी छीन ली। आरोप है कि जब उन्होंने गाड़ी की चाबी देने का विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी और गाड़ी छीनकर फरार हो गए। पुलिस प्रवक्ता सुभाष बोकन ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों के स्केच तैयार करवाए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ब्यूरो