जेल से कॉल 200 रुपये प्रति मिनट में होती है
गुरुग्राम। जेल में प्रत्येक सुविधा की कीमत तय है। फोन करना हो या अन्य कोई चीज चाहिए, तो कीमत चुकानी होती है। है। यह काम जेल में बंद पुराने कैदियों के माध्यम से जेल प्रशासन के कुछ अधिकारी करवाते हैं। यह खुलासा जेल से जमानत पर बाहर आए एक कैदी ने किया। सुविधा मुहैया कराने की कीमत 100 रुपये से शुरू होती है, जो कैदियों के परिजनों के जरिये निर्धारित स्थानों पर पहुंचाई जाती है।
जेल में कैदियों के साथ हो रही बर्बरता के कारण कैदियों के परिजनों में गुस्सा है जिस कारण रविवार को वे भोंडसी जेल के बाहर एकत्र हुए। इनमें एक कैदी वह भी शामिल था, जो जेल से जमानत पर बाहर है। उसने बताया कि वह भूमि विवाद में जेल गया था। मामला अदालत में है जहां से उसे जमानत मिली है। सोते वक्त मच्छरों से बचना हो तो उसके लिए भी कीमत चुकानी होगी। बीड़ी के बंडल के लिए कैदियों से 100 से 150 रुपये तक वसूले जाते हैं। मोबाइल पर 1 मिनट की कॉल के लिए 200 रुपये वसूले जाते हैं। बाजार में 1 हजार रुपये में बिकने वाला मोबाइल जेल में 15 हजार रुपये व सैमसंग जे सीरीज का फोन 75 हजार रुपये मेें मिल जाता है।
जेल में खुला घूमने की छूट चाहने वालों को 50 हजार रुपये देने होते हैं। इसके अलावा लजीज खाना व जेल के अंदर ऐशो आराम की जिंदगी जीने के लिए 1 लाख रुपये चुकाने होते हैं। 1.50 लाख रुपये में कैदी को बीमार बताकर जेल से बाहर अस्पताल में भेज दिया जाता है। कई बार रुपयों के इंतजाम करने के लिए भी कैदी को जेल से बाहर अस्पताल में भेजा जाता है।
चेकिंग अभियान भी खेल का हिस्सा
जेल में रुपये लेकर मोबाइल प्राप्त करना केवल एक महीने का खेल होता है। कैदी अगर अगले महीने के लिए रुपये का भुगतान कर देता है तो वह मोबाइल इस्तेमाल कर सकता है। रुपये न देने पर अभियान के दौरान कैदी से मोबाइल बरामद कर मामला दर्ज करवा दिया जाता है। तय रकम से कम देने पर मोबाइल को लावारिस हालत में बरामद करवाया जाता है।
...बयान
जेल अधीक्षक जयकिशन छिल्लर : जेल में रुपयों का लेनदेन नहीं होता है। कैदी से सामान खरीदते वक्त उनके बायोमीट्रिक निशान लिए जाते हैं। ऐसे में जेल प्रशासन पर लगाए जा रहे आरोप बेबुनियाद हैं।
--------
जेल में रुपयों के लेनदेन की सूचना मिली है। इसके साथ ही अनेक मोबाइल भी बरामद हो चुके हैं, लेकिन मोबाइल पहुंचाने वालों की जानकारी नहीं लगी है। मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- के सेलवराज, जेल महानिदेशक, हरियाणा