3 कबाड़ियों के अपहरण की सूचना ने पुलिस के छुड़ाए पसीने
गुरुग्राम। न्यू पालम विहार में तीन कबाड़ियों के अपहरण की सूचना ने पुलिस के पसीने छुड़ा दिए। कई घंटे पुलिस के जांच अभियान के बाद जानकारी मिली कि पड़ोस के युवक ने उन्हें बोरवेल के सामान चोरी के मामले में बैठा लिया था। पुलिस ने अपहरण समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, बजघेड़ा गांव के आसपास झाड़ौदा (रेवाड़ी) निवासी संजय, चरखी दादरी निवासी संदीप, कार्टरपुरी निवासी तरुण यादव, अमरजीत, सतीश, विकास, मनोज यादव, मोतीनगर दिल्ली निवासी नवीन यादव, डूंडाहेड़ा निवासी सागर यादव, उत्तर प्रदेश के अयोध्या निवासी दिवाकर बोरवेल का काम करते हैं। बीते कई दिनों से न्यू पालम विहार में चल रहे काम के दौरान साइट से बोरवेल का काफी सामान चोरी हो गया था। उन्हें आशंका थी कि कबाड़ियों ने ही चोरों से उनका सामान खरीदा है। युवकों ने तीनों कबाड़ियों को पकड़कर अपने पास बैठा लिया।
पुलिस को सूचना मिली कि तीन कबाड़ियों का अपहरण हो गया है, सूचना के बाद बजघेड़ा थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर छापा मारना शुरू किया। शुक्रवार को सूचना मिली कि तीनों कबाड़ियों को इन युवकों ने बैठा रखा है जिसके बाद तीनों को मौके से छुड़ाकर इन 10 युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया। शुक्रवार को सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया जहां से सभी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया।