अलवर/खैरथल। जिला खैरथल के खुशखेड़ा क्षेत्र में बुधवार देररात दो बजे के आसपास तस्करों और ग्रामीणों के बीच झड़प हो गई। जिसमें चार तस्कर बुरी तरह से घायल हो गए, जिन्हें पुलिस को सौंप दिया गया। घायलों को पुलिस ने पहले खुशखेड़ा औद्योगिक अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन चिकित्सकों ने सभी की हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल अलवर में रेफर कर दिया। इनमें आरिफ की हालत नाजुक बनी हुई है, जो आईसीयू में है। अन्य घायलों का भी इलाज चल रहा है।
चारों आरोपी नूंह जिले के रहने वाले हैं। जिनकी पहचान आरिफ, गफ्फार, सलीम और हबीब गांव बाई के रूप में हुई है। खुशखेड़ा पुलिस थाना में चारों के खिलाफ गोवध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जांच जारी है।
पिछले सप्ताह बाई गांव की पहाड़ियों पर बीफ मंडी का खुलासा राजस्थान पुलिस ने किया था। मिली जानकारी के अनुसार मामला राजस्थान के जिले खैरथल के खुशखेड़ा पुलिस थाना क्षेत्र के होंडा चौक के पास रात करीब दो बजे का है। थाना प्रभारी खुशखेड़ा वीरेंद्र यादव ने चारों आरोपियों के खिलाफ गोतस्करी का मुकदमा दर्ज होने की पुष्टि की है।
सात गायें पिकअप में मिलीं : खुशखेड़ा थाना प्रभारी वीरेंद्र यादव ने बताया कि बुधवार सुबह ग्रामीणों ने चार गोतस्करों को पकड़ लिया। इसकी सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो हमने पाया कि एक पिकअप में 7 गायें भरी हुई थीं, जिन्हें राजस्थान से तस्करी करके हरियाणा ले जाया जा रहा था। पिकअप में सवार चारों गो तस्कर वहां घायल अवस्था में पड़े हुए थे। उनके शरीर पर चोट के निशान थे, जिन्हें पहले खुशखेड़ा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टर्स ने उन्हें अलवर के राजकीय चिकित्सालय में रेफर कर दिया। वहीं पिकअप में मौजूद सात गायों को खुशखेड़ा गोशाला भिजवा दिया गया।
भागते हुए चोट लगने के आरोप :
थाना प्रभारी ने बताया कि गायों की तस्करी करके ये लोग हरियाणा के नूंह में ले जा रहे थे। हमने सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है। सभी आरोपियों को चोट कैसे लगी, इसकी भी जांच की जा रही है। हमने मौके पर मौजूद ग्रामीणों से भी इस संबंध में पूछताछ की, जिसमें उन्होंने बताया है कि पिकअप की घेराबंदी के दौरान गोतस्कर गाड़ी से कूद कर भाग रहे थे। इसी दौरान वे कई बार तारों से उलझकर नीचे गिर गए और घायल हो गए। जांच में यह स्पष्ट हो जाएगा कि क्या स्थानीय लोगों ने उनकी पिटाई की थी या नहीं।