गुरुग्राम-सोहना एलिवेटेड रोड पर सड़क धंसने के बाद बंद की गई लेन। फोटो- संवाद
गुरुग्राम-सोहना हाईवे पर पीक ऑवर्स में रेंग रहे वाहन
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। शहर के सुभाष चौक के पास गुरुग्राम-सोहना एलिवेटेड रोड पर सड़क धंसी होने के कारण मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। सड़क का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त होने की वजह से पीक ऑवर्स (व्यस्त समय) में वाहनों की रफ्तार पर पूरी तरह ब्रेक लग गया है, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क धंसने के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों ने सुरक्षा के लिहाज से प्रभावित हिस्से को कोन लगाकर बंद कर दिया है। इसके चलते गुरुग्राम से सोहना की ओर जाने वाले रास्ते पर केवल एक ही लेन चालू बची है। व्यस्त समय में गाड़ियों की संख्या बढ़ने से वाहनों को निकलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पा रही है, जिससे इस एलिवेटेड रोड पर हर दिन लंबा जाम लग रहा है। हैरानी की बात यह है कि दुर्घटना की आशंका के बावजूद एनएचएआई ने धंसी सड़क की मरम्मत के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। स्थानीय लोग और वाहन चालक प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क को दोबारा बनवाने की मांग कर रहे हैं ताकि इस मार्ग पर यातायात सामान्य हो सके।
-
एलिवेटेड रोड पर धंसी सड़क की जल्द मरम्मत कराई जाएगी। बारिश के कारण धंसी सड़क को ठीक नहीं कराया जा सका और एहतियात के लिए एक लेन को यातायात के लिए बंद किया गया है।
- योगेश तिलक, परियोजना निदेशक, एनएचएआई