टूरिस्ट वीजा पर लोगों को भेजता था विदेश, एंबेसी से पीड़ितों के आने के बाद हुआ खुलासा
15 माह पहले बनाई थी कंपनी, इंस्ट्राग्राम पर युवाओं को विदेश में जॉब का देता था झांसा
अब तक कितनों को भेजा है विदेश जानने में जुटी पुलिस, रिमांड के बाद पूरे मामले का होगा खुलासा
मयंक तिवारी
गुरुग्राम। बॉबी कटारिया कमिश्नरेट की पुलिस पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाने पर चर्चा में आया था। एक फ्लाइट में सिगरेट पीने के दौरान बनाई गई रील से भी वह चर्चा में आया था। साल भर पहले वह देहरादून के किवाड़ी रोड पर बीच सड़क पर मेज लगा कर शराब पी रहा था। वीडियो बनाने के दौरान दोनों ओर से ट्रैफिक रुक गया था। इसका वीडियो वायरल होने के बाद देहरादून की कैंट थाना पुलिस हरकत में आई थी और उसने मामला दर्ज किया था।
बजघेड़ा थाना पुलिस को अब तक की छानबीन में पता चला है कि बॉबी कटारिया लोगों को इंस्टाग्राम पर विदेश में जॉब का झांसा देता था। उन्हें यूएई में भेजने की बात करता था। बाद में उनको टूरिस्ट वीजा पर विदेश भेजता था। गोल माल कर उनको वहां पर फंसा देते था। विदेशों में भी इसके लिए लोग काम कर रहे हैं। 15 माह पहले उसने एमडीके कंपनी खोली थी। जिसके बाद माध्यम से लोगों को भेजा गया है।
पूछताछ के लिए पुलिस अब कटारिया को कोर्ट से रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। पुलिस का मानना है कि कबूतरबाजी और साइबर ठगी का यह एक इंटरनेशनल गिरोह हो सकता है। पुलिस रिमांड के बाद इस बात का खुलासा होगा कि उसकी ओर से कितने लोगों को भेजा गया है। जिस तरह से उसके कार्यालय में 20 लाख रुपये नकद मिले हैं। उससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि जालसाज के चक्कर में फंसने वालों की संख्या अधिक है। पुलिस टीम आरोपी को रिमांड पर लेने के साथ ही जिन देशों में इसकी ओर से टूरिस्ट वीजा लिया जाता था, वहां के दूतावास में भी संपर्क करेगी।
बॉबी कटारिया के संपर्क में रहने वालों पर पुलिस की नजर
बॉबी कटारिया के संपर्क में रहने वालों पर पुलिस की नजर है। यूट्यूबर होने के कारण मामले की जांच के दौरान आईटी सेल को भी लगाया गया है। सीआईए 10 की टीम की ओर से उसके कार्यालय आने-जाने से लेकर उसके लिए विदेशों में लाइजनिंग करने वालों की भी तलाश है।
वर्जन
बॉबी कटारिया को मंगलवार को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। जांच के दौरान कई सवालों से पर्दा उठेगा। - प्रमोद कुमार सब इंस्पेक्टर, सीआईए प्रभारी सेक्टर 10 गुरुग्राम।