गुरुग्राम। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर सोमवार को भारत बंद के मद्देनजर साइबर सिटी की पुलिस सतर्क है। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर सभी थानों में चार-चार रिजर्व बनाई गई हैं जो सूचना आते ही अपने इलाके में मौके पर होंगी। पुलिस की ओर से किसी आम आदमी को परेशान न किये जाने का निर्देश है। साथ ही आंदोलित लोगों से अपील है कि शांति का सहयोग करें। शांति से पूरा आंदोलन समाप्त कराने के लिए तीन हजार से अधिक पुलिसकर्मियों को लगाया गया है।
यहां सभी थाना प्रभारियों को चार-चार रिजर्व बनाने के लिए कहा गया है। इसके इंचार्ज इंस्पेक्टर से लेकर एसआई तक को बनाया गया है। एक रिजर्व में 25 जवानों को रखा गया था। महिला व सीआईए सहित कुल थाना प्रभारियों की ओर से खाका तैयार किया गया। पुलिस सुबह से ही रोड पर होगी। रिजर्व के साथी को थाने में अपने प्वाइंट पर रखा गया है।
जिस थाना प्रभारी की रिपोर्ट मिली गलत, उस पर होगी कार्रवाई
पुलिस आयुक्त ने सभी थाना प्रभारियों से अपने क्षेत्र के बाजार व वहां पर होने वाले आंदोलन के बारे में रिपोर्ट मांगी है। लगभग सभी थाना प्रभारियों ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि उनके यहां शांति है। जिस बाजार में लोग आ सकते हैं उस पर पुलिस की नजर है।
ट्रैफिक पुलिस के 12 सौ जवान सड़क पर
ट्रैफिक पुलिस के लिए सबसे अधिक चुनौती है। किसी भी स्तर पर कहीं का भी ट्रैफिक नहीं रुकना चाहिए। केएमपी से लेकर दिल्ली-जयपुर हाइवे पर जिस प्वांइट पर किसान पहुंच सकते हैं, उस पर खास नजर रखी जा रही है। ट्रैफिक पुलिस अपना बैकअप लेकर चलेगी। इमरजेंसी में किसी प्वाइंट पर परेशानी होती है तो वहां से नजदीक रहने वाले ट्रैफिक पुलिस अधिकारी को मौके पर पहुंचना होगा ।
किसान आंदोलन के बंद के आह्वान को देखते हुए पुलिस को अलर्ट किया गया है। संभावित क्षेत्रों में अधिक पुलिस बल तैनात किया गया है।
- केके राव, पुलिस आयुक्त, गुरुग्राम।