गुरुग्राम। कापड़ीवास चौक पर एक रोडवेज बस ने मोटरसाइकिल में पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में बैंक कर्मचारी की मौत हो गई जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक के भाई ने बिलासपुर थाने में रोडवेज बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
अशोक विहार फेज-3 निवासी फूल सिंह ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि उनका भाई टेकचंद सेक्टर-10 स्थित इंडसइंड बैंक की शाखा में काम करता था। बैंक के ही किसी काम से वह शुक्रवार को मोटरसाइकिल से कापड़ीवास गया था। दोपहर के समय करीब 12 बजे वह बैंक का काम करके लौट रहे थे। इसी दौरान कापड़ीवास चौक पर धारूहेड़ा की तरफ से आ रही हरियाणा रोडवेज की बस ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद टेकचंद के सिर में गंभीर चोट आई जबकि उसके साथी मोहनलाल भी अचेत हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने टेकचंद को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद ही टेकचंद को मृत घोषित कर दिया। रोडवेज बस के नंबर के आधार पर पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।