गुरुग्राम। डीएलएफ फेज-3 स्थित एक कंपनी में मैनेजर के पद से निकाले गए युवक ने कंपनी से ही चोरी की चेक बुक के आठ चेक पर कंपनी के मालिक के फर्जी हस्ताक्षर कर 24 लाख रुपये निकालने का प्रयास किया। शक होने पर बैंक अधिकारियों ने कंपनी मालिक को फोन किया तो उन्हें घटना का पता चला। कंपनी मालिक ने थाना डीएलएफ फेज-3 में केस दर्ज कराया है।
मैसर्स थ्री स्टार इंटरप्राइजेज के नाम से कंपनी चलाने वाले राम गोपाल जांगिड़ ने पुलिस को बताया है कि उनकी कंपनी में भिवानी निवासी गुरुदत्त मैनेजर था। इस साल फरवरी माह में उसे नौकरी से निकाल दिया गया। जून में बैंक से फोन आया कि उनके नाम के आठ चेक पर फर्जी हस्ताक्षर से 24 लाख रुपये निकाले का एक युवक प्रयास कर रहा है।
इस पर जांगिड़ ने पुलिस को शिकायत दी। प्रारंभिक जांच में पता चला कि नौकरी से निकाले गए गुरुदत्त ने ही चेक बुक चोरी की थी। उसी ने फर्जी हस्ताक्षर कर 24 लाख निकालने का प्रयास किया है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।