गुरुग्राम। एक महिला को घरेलू सहायक के भरोसे घर छोड़कर चंडीगढ़ जाना महंगा पड़ गया। महिला की गैर मौजूदगी में सहायक उसके घर से तीन लाख रुपये व 5000 अमेरिकन डॉलर लेकर फरार हो गया। पीड़िता ने मामले की शिकायत डीएलएफ फेज तीन थाने में दी है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डीएलएफ फेज तीन पुलिस थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप ने बताया कि पीड़िता प्रीति बाजवा अपने परिवार के साथ कैटरिओना अपार्टमेंट में रहती हैं। चार अप्रैल को वह चंडीगढ़ अपने पिता के घर गई थी। एक महीने बाद चार मई को अपने फ्लैट में लौटी तो देखा कि अलमारी का दरवाजा टूटा हुआ है। साथ ही घरेलू सहायक भी घर से गायब है। इससे उसके होश उड़ गए। तुरंत उन्होंने सोसाइटी में तैनात सुरक्षा कर्मी को सूचना दी। फिर फरार घरेलू सहायक को भी फोन मिलाया, लेकिन आरोपी ने उनका नंबर ब्लॉक कर रखा था।
पीड़िता के अनुसार मनोहर नामक घरेलू सहायक उसके यहां छह साल से काम कर रहा था। थाना प्रभारी के अनुसार पीड़िता की शिकायत पर फिलहाल उक्त सहायक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उसकी तलाश जारी है। थाने की टीम उसकी तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही है।