गुरुग्राम। बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) में एएसआई पद के लिए हो रही परीक्षा में एक युवक किसी अन्य परीक्षार्थी के तौर पर बैठकर पेपर दे रहा था। लेकिन आरोपी को बीएसएफ टीम ने पकड़ कर स्थानीय पुलिस को सौंपा है। बादशाहपुर थाना पुलिस ने उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उसे सोमवार को अदालत में पेश किया। पुलिस अदालत से आरोपी को एक दिन की रिमांड पर लेकर मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीएसएफ के डिप्टी कमांडेंट व बोर्ड सदस्य अमित कुमार ने बताया कि रविवार को बीएसएफ में ग्रुप सी पद के लिए परीक्षा चल रही थी। अलग-अलग विंग में एएसआई पद के लिए यह भर्ती परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक चल रही थी। बेगमपुर खटौला स्थित लेडी फ्लोरेंस पब्लिक स्कूल में भी यह परीक्षा आयोजित हो रही थी। स्कूल में बीएसएफ की विजिलेंस टीम ने चेकिंग के दौरान पाया कि हिसार के गांव सरसोद निवासी प्रतीक यहां बैठकर परीक्षा दे रहा था। उसके पास से आधार कार्ड मिला है। लेकिन प्रवेश पत्र की सूची में उसका नाम ही नहीं था। जांच में पता चला कि वो रोल नंबर 1171 वाले कैंडिडेट कपिल कुमार की जगह यह परीक्षा दे रहा था। इसके बाद उसे विजिलेंस टीम ने बादशाहपुर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। साथ ही आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के लिए लिखित शिकायत दी।