गुरुग्राम। पनीर के बड़े टुकड़े की जगह छोटा टुकड़ा करने की बात कहना एक कुक को महंगा पड़ गया। आरोप है कि टोकने से नाराज हुए कुक ने अपने साथी कुक पर ही चाकू से हमला कर दिया और फरार हो गया। पुलिस ने पीड़ित कुक की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ सेक्टर-50 थाना में मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-50 थाना पुलिस को दी शिकायत में मूलरूप से सोनीपत निवासी सौरव ने बताया कि वह सेक्टर-49 स्थित वाटिका बिजनेस पार्क में स्थित एक होटल में कुक का काम करता है। पिछले दो माह से वह इसी होटल में काम कर रहा है। उसने बताया कि 10 मार्च की रात आठ बजे होटल की रसोई में सोनीपत निवासी सुनील, असम निवासी विष्णु और असम निवासी स्वर्ण माया पांडा काम कर रहे थे। उसने बताया कि वह रसोई में मशरूम लेने के लिए गया था, तभी उसने देखा कि विष्णु रसोई में चाकू से पनीर काट रहा था। सौरव ने बताया कि उसने विष्णु को पनीर के बड़े टुकड़े करने की बजाय छोटे टुकड़े करने की बात कही। इस बात पर टोकने से विष्णु नाराज हो गया और उसे गाली देने लगा। घायल का आरोप है कि उसने विष्णु को गाली देने से रोका तो उसने उसके पेट में चाकू मार दिया। चाकू लगने से घायल चिल्लाया और जमीन पर गिर गया। आवाज सुनकर होटल प्रबंधक राविया अग्रवाल व स्टाफ के अन्य कर्मचारी वहां आए और घायल अवस्था में उसे पास के निजी अस्पताल ले गए, जहां से बाद में परिजन घायल को पीजीआई रोहतक ले गए। पुलिस को घटना की शिकायत मिलने पर सोमवार को सेक्टर-50 थाना में मामला दर्ज किया गया।