गुरुग्राम। हरियाणा सरकार प्रदेश में जल्द ही पशुपालकों के लिए कॉल सेंटर की स्थापना तथा पशु चिकित्सा एंबुलेंस चलाने जा रही है। किसी भी पशुपालक को अपने पशु से संबंधित कोई भी समस्या होने पर वह कॉल सेंटर में संपर्क कर सकेगा। यह बातें प्रदेश के कृषि, किसान कल्याण व पशुपालन मंत्री जयप्रकाश दलाल ने कही।
वह सोमवार को कार्टरपुरी स्थित कामधेनु गौशाला में भारतीय जीव जंतु कल्याण बोर्ड द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में केंद्रीय पशुपालन मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। इस अवसर पर कृषि मंत्री ने कहा कि एंबुलेंस सुविधा शुरू होने के बाद कॉल सेंटर के जरिए नजदीकी ब्लॉक से पशु चिकित्सा एंबुलेंस को संबंधित पशुपालक के बताए पते पर भेजा जाएगा।
दुग्ध उपलब्धता के मामले में दूसरे स्थान पर हरियाणा
उन्होंने कहा कि पशु हित में लिए गए सार्थक निर्णयों के कारण प्रति व्यक्ति दूध उपलब्धता के मामले में आज हरियाणा देश में दूसरे स्थान पर है। इतना ही नहीं हरियाणा प्रदेश की मुर्राह नस्ल की भैंस पूरे देश में सर्वश्रेष्ठ है। इसके पूरे देश में विस्तार की जरूरत है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से अनुरोध करते हुए कहा कि केंद्र स्तर पर इस तरह की योजना बने कि हरियाणा की मुर्राह नस्ल का सीमेन देश के अन्य भागों में भेजकर ज्यादा दूध देने वाली इस नस्ल को बढ़ावा दिया जा सके।
40 मिनट का तकनीकी सत्र भी आयोजित
इस अवसर पर हरियाणा गौसेवा आयोग के अध्यक्ष श्रवण कुमार गर्ग ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम के दौरान पशुपालन के विभिन्न विषयों पर आधारित एक 40 मिनट का तकनीकी सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें दुग्ध रहित बेसहारा पशुओं का प्रबंधन, वैज्ञानिक गौशाला प्रबंधन, पशु जन्म नियंत्रण कार्यक्रम से संबंधित मुद्दे और समाधान के अलावा गौशाला कैसे अपना खर्च खुद उठाएं, समेत अन्य विषयों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम में गुरुग्राम विधायक सुधीर सिंगला, पशुपालन व डेयरी विभाग हरियाणा के प्रधान सचिव अंकुर गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद रहे।