गुरुग्राम। कोरोनारोधी टीकाकरण के क्रम में स्वास्थ्य विभाग ने 29 सितंबर से 1 अक्तूबर तक टीकाकरण का महाअभियान चलाया, जिसमें लक्ष्य से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगी। विभाग ने तीन दिनों में 60 हजार डोज देने का लक्ष्य रखा था जबकि कुल 86274 डोज दी गईं। इसमें से 69817 लोगों को दूसरी व 16457 लोगों को टीके की पहली डोज दी गई। इस तरह से लक्ष्य के मुताबिक, कुल 144 फीसदी टीकाकरण किया गया।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एमपी सिंह ने बताया कि कंप्लीट वैक्सिनेशन के उद्देश्य से जिले में टीकाकरण का महाअभियान चलाया गया था जिसमें लक्ष्य से ज्यादा लोगों को संक्रमणरोधी टीका लगाया गया। महाअभियान पूरे जिले में चलाया गया, जिसके तहत जिले भर के सभी प्राथमिक व शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के अंतर्गत 200 से ज्यादा केंद्रों पर लोगों को कोरोनारोधी टीके की पहली व दूसरी डोज दी गई। हालांकि, शनिवार को भी जिले में अभियान की तरह ही टीकाकरण किया गया।
23605 को लगा टीका
जिले में शनिवार को 23605 लोगों को संक्रमणरोधी टीका लगाया गया, जिसमें से 4473 लोगों को टीके की पहली व 19132 लोगों की दूसरी डोज दी गई। वहीं, शासकीय केंद्रों पर 20496 व निजी केंद्रों पर 3109 लोगों को कोरोनारोधी टीका लगाया गया। सेक्टर-31 पॉलीक्लीनिक केंद्र पर 35 लोगों को स्पूतनिक की दूसरी डोज दी गई जबकि विदेश जाने वाले 3 लोगों को संक्रमणरोधी टीका लगाया गया। इसी के साथ जिले में कुल लाभार्थियों की संख्या भी बढ़कर 31 लाख 63404 पर पहुंच चुकी है।
सरकारी केंद्रों पर आज नहीं लगेगा टीका
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एमपी सिंह ने बताया कि रविवार को किसी भी शासकीय केंद्र पर कोरोनारोधी टीकाकरण नहीं किया जाएगा। हालांकि, निजी केंद्रों पर अस्पताल प्रबंधन अपने स्तर से टीकाकरण कर सकते हैं।