संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। नूंह हिंसा में शामिल दंगाइयों को गिरफ्तार करने में पुलिस की धरपकड़ लगातार जारी है। पुलिस की कई टीमें हिंसा से जुड़े आरोपियों की पहचान करने में जुटी हैं। इसी कड़ी में नूंह पुलिस ने 5 और आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। अब नूंह पुलिस ने ब्रज मंडल हिंसा मामले में 61 एफआईआर दर्ज करते हुए 285 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं साइबर क्राइम थाना पुलिस द्वारा भी सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने संबंध में 12 लोगों पर एफआईआर दर्ज करते हुए 1 को गिरफ्तार किया है। पुलिस कप्तान का दावा है कि अब सोशल मीडिया पर निगरानी और बढ़ाई जाएगी। क्योंकि कुछ लोग अभी भी सोशल मीडिया पर गलत पोस्ट डाल रहे हैं और गलत कमेंट्स कर रहे हैं। इसके लिए इस पर और ध्यान देने की जरूरत है।
अब से पहले भी इसी सोशल मीडिया के कारण फसाद हुआ था।
पुलिस ने इस हिंसा में शामिल आरोपियों को पकड़ने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की अध्यक्षता में 8 टीमों का गठन किया हुआ है। जो जगह- जगह छापा मारकर आरोपियों की पहचान कर रही हैं। इसके अलावा जिले में 3 डीएसपी स्तर के अधिकारियों की अध्यक्षता में एसआईटी गठित की गई है, जो गहनता से मामले की जांच कर रही है।