गुरुग्राम। वेयरहाउस के केयरटेकर का अपहरण करके मारपीट करने के मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने वारदात में प्रयोग की गईं 2 गाड़ियां भी बरामद कर ली हैं। आरोपियों की पहचान पुष्पेंद्र राठी, जयप्रकाश उर्फ जेपी, राहुल तिवारी व योगेश यादव के रूप में की गई है। पुष्पेंद्र को सेक्टर-92 व अन्य आरोपियों को फर्रूखनगर से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस को 2-3 जुलाई की रात को फर्रूखनगर थाने में एक सूचना मिली कि एक वेयरहाउस के केयरटेकर को कुछ लोग अपहरण करके ले गए। इस सूचना पर थाना फर्रूखनगर की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई। यहां पर जयवीर ने बताया कि 2 जुलाई की रात करीब 8 बजे वेयरहाउस के मुख्य गेट पर कार सवार तीन-चार व्यक्ति आए और केयरटेकर जीवनलाल को जबरदस्ती गाड़ी में बैठाकर ले गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था। इसी पर जांच करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि जीवनलाल जिस वेयरहाउस में केयरटेकर का काम करता है, उसमें आरोपी पुष्पेंद्र ने सिक्योरिटी का ठेका ले रखा है। जीवनलाल आरोपी पुष्पेंद्र को वेयरहाउस के पिछले हिस्से में सुरक्षाकर्मी ना होने के बारे कहता था। इस बात को लेकर इनकी आपस में कहासुनी भी होती रहती थी। इसी रंजिश में पुष्पेंद्र ने अपने साथियों के साथ मिलकर केयरटेकर का अपहरण कर लिया और उसके साथ मारपीट की।
----------