गुरुग्राम। कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने की दर लगातार बढ़ रही है तो संक्रमण दर में कमी भी आ रही है लेकिन मरीजों की मौत का सिलसिला नहीं थम रहा है। इसी क्रम में सोमवार को भी संक्रमण के कारण 55 व 85 वर्षीय दो मरीजों की मौत हो गई। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग ने 107 लोगों में कोरोनो की पुष्टि की, जबकि 207 संक्रमितों को स्वस्थ घोषित किया गया।
दोनों ही मरीज पहले से बीमार थे और उनको कोविशील्ड की दोनों डोज लग चुकी थी। इसी के साथ कुल मृतकों की संख्या 1003 पर पहुंच गई है जिसमें से 680 मरीज पहले से ही गंभीर बीमारियों से ग्रस्त थे। अब जिले में संक्रमण दर कम होकर 2.44 फीसदी ही रह गई है। अब जिले में 875 मरीज ही सक्रिय हैं जिसमें से 12 मरीजों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मालूम हो कि जिले में ओमिक्रॉन के अब तक 113 मरीज आ चुके हैं जिसमें से एक भी मरीज अब सक्रिय नहीं है जबकि कोरोना के कुल 2.58 लाख मरीज आ चुके हैं।