संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-12 बाईपास रोड पर बाइक सवार बदमाशों ने एक साइकिल सवार के साथ मारपीट कर 1200 रुपये लूट लिए। सेंट्रल थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मूलरूप से उत्तर प्रदेश के उन्नाव निवासी विजय भान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सेक्टर-9 निवासी दीपक अग्रवाल के यहां खाना बनाने का काम करता है। वहीं पर गांव बड़ौली निवासी मनोज कुमार भी चालक है। 24 जुलाई को मालिक ने मनोज को बाजार से सब्जी लाने भेजा था। सब्जी लाने में उसे एक घंटे की देरी हो गई। इस पर विजय भान ने मनोज से कहा कि मालिक देरी से आने का कारण पूछ रहे थे। आरोप है कि इस बात पर मनोज नाराज हो गया और गाली-गलौज शुरू कर दी। घर जाते समय रास्ते में मनोज के दोस्तों ने उसे रोककर मारपीट की और 1200 रुपये लूट लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।