हैदराबाद में आयोजित शोतोकान कराटे चैंपियनशिप में हर्षित ने स्वर्ण पदक जीत जिले का नाम रोशन किया है।
वह गुड़गांव के गांव जमालपुर का रहने वाला है। रविवार को इस होनहार खिलाड़ी का गांव में भव्य स्वागत किया गया।
हर्षित की सफलता से पूरे गांव में खुशी का माहौल है। उसके सम्मान समारोह में सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे। उसका यह सम्मान नवयुग युवा संगठन के संस्थापक ओमबीर ठाकरान ने किया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचल में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। हर्षित ने स्वर्ण पदक जीत कर यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कमी नहीं है।
नवयुग युवा संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि जिस प्रकार ग्रामीण प्रतिभाएं खेलों में आगे आ रही हैं। इसका आने वाले समय में अच्छा संकेत है। ऐसे खिलाड़ियों को पहचान कर उन्हें खेलने का बेहतर माहौल देने की जरूरत है।
उन्होंने युवाओं को आह्वान किया है कि वह पढ़ाई के साथ-साथ खेलों पर भी ध्यान दें। इस अवसर पर हर्षित यादव के पिता सतपाल यादव ने कहा कि वह अपने बेटे की सफलता से काफी खुश हैं। उनसे जो भी बन पड़ेगा उसके लिए करेंगे।