बुलंदशहर के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। 521 दिन बाद अब अपना जिला कोरोना से मुक्त हो गया है। जिले में पिछले नौ दिन से कोई भी नया संक्रमित नहीं मिला है। 29 मार्च 2020 को पहला संक्रमित मिला था। मंगलवार को दो मरीजों के स्वस्थ होने के बाद अब जिले में एक भी सक्रिय मरीज नहीं है। अगस्त में छह कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले थे, इनमें एक की मौत हो चुकी है।
पहला कोरोना संक्रमित सिकंदराबाद में मिला था
जनपद में पहला कोरोना पॉजिटिव केस सिकंदराबाद के गांव वीरखेड़ा में मिला था। युवक में संक्रमण विदेश से लौटे उसके मालिक के संपर्क में आने से हुआ था। इसके बाद कोरोना संक्रमण की चेन बनती चली गई और युवक की पत्नी और मां भी संक्रमण की चपेट में आ गए।
पहली लहर में 6,325 लोग हुए थे संक्रमित
पहली लहर के दौरान 368 दिन में 31 मार्च 2021 तक जिले में 6,325 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। 31 मार्च को जिले में लग रहा था कि जनपद जल्दी ही कोरोना से मुक्त हो जाएगा। लेकिन दूसरी लहर के दौरान एक अप्रैल से आंकड़े बढ़ने पर जिला कोरोना संक्रमण से मुक्त होने से वंचित रह गया था।
242 की हो चुकी मौत
स्वास्थ्य अफसरों के अनुसार पिछले नौ दिन से पूरे जिले में किसी भी व्यक्ति में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई। जनपद में अभी तक कुल 20,205 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई और 242 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि, शेष 19,963 लोग स्वस्थ हुए।
पहली लहर का आंकड़ा
कुल संक्रमित - 6,325
कुल स्वस्थ - 6,202
कुल मौत - 94
नोट : पहली लहर के आंकड़े 31 मार्च 2021 तक के हैं।
दूसरी लहर का आंकड़ा
कुल संक्रमित - 13,880
कुल स्वस्थ - 13,761
कुल मौत - 148
नोट : यह आंकड़े 31 अगस्त 2021 तक के हैं।
अब तक हुई जांच के आंकड़े
जांच संख्या पॉजिटिव
ट्रूनेट 1781 154
एंटीजन किट 739049 9511
आरटीपीसीआर 329892 10540
कुल जांच 1018566 20205
होम आईसोलेशन में ठीक हुए 12 हजार लोग
जिले में कुल 20,205 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई, इसमें 242 लोगों की उपचार के दौरान या जांच के बाद मौत हो गई। जबकि, 19,963 लोगों का उपचार चला। इसमें से करीब 12 हजार लोगों को अस्पताल जाने की जरूरत ही नहीं पड़ी और बिना अस्पताल जाए होम आईसोलेशन में ठीक हो गए।
जनपद में 22 अगस्त को दो कोरोना मरीज मिले थे, दोनों की होम आईसोलेशन अवधि मंगलवार को पूरी हो गई। अब जिले में कोई भी सक्रिय केस नहीं है। ऐसी स्थिति में जनपद कोरोना से मुक्त हो गया है।- डॉ. रोहताश यादव, एसीएमओ एवं नोडल अधिकारी
आज से 25 हजार लोगों को प्रतिदिन लगेगा भरोसे का टीका
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए एक सितंबर से प्रतिदिन जनपद में 25 हजार लोगों को टीका लगाया जाएगा। वहीं, छह सितंबर को शासन से 75 हजार लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य मिला है। इसके चलते सितंबर में काफी संख्या में लोगों के टीकाकरण केंद्र पर पहुंचने की उम्मीद है।
प्रदेश सरकार ने तीसरी लहर की संभावना को देखते हुए शत-प्रतिशत जनपद के लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा है। अब शासन सितंबर शुरू हो जाने पर पूरा फोकस टीकाकरण पर दे रहा है। इसके लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।
टीकाकरण पर एक नजर
कुल टीका - 14,09,839
पहला डोज - 11,98,886
दूसरा डोज - 2,10,953
पुरुष वर्ग - 7,56,472
महिला वर्ग - 6,53,046
अन्य - 321
कोविशील्ड - 12,66,485
कोवाक्सीन - 1,43,354
लक्ष्य को पूरा किया जाएगा
शासन ने सितंबर में प्रतिदिन 25-25 हजार लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य दिया है। साथ ही पहले सोमवार को 75 हजार लोगों को टीका लगाया जाएगा। शासन से मिले लक्ष्य को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। - डॉ. राकेश चंद्रा, एसीएमओ एवं नोडल अधिकारी