गर्मी से 42 लोग हुए बीमार, पहुंचे अस्पताल
गाजियाबाद में गर्मी और लू से बीमार हुए 42 लोग रविवार को इमरजेंसी में इलाज कराने एमएमजी और संयुक्त अस्पताल में पहुंचे। इनमें छह डायरिया, चार हृदयाघात, 18 बुखार और 14 पेट दर्द के मरीज शामिल हैं। डायरिया और बुखार के सात मरीजों को भर्ती किया गया, जबकि हृदय रोग विशेषज्ञ नहीं होने सेचारों मरीजों को दिल्ली रेफर कर दिया गया। एमएमजी अस्पताल के सीएमएस डॉ. राकेश कुमार सिंह ने बताया कि गर्मी के कारण परेशान अधिक मरीज आ रहे हैं।
बीमार होने पर दिखते ये लक्षण
गर्मी से बीमार हुए हीट वेव वार्ड में इस समय 13 मरीज भर्ती हैं। इनमें अधिकांश मरीज गर्मी के कारण बुखार, बेचैनी, रक्तचाप कम या अधिक होने और मांसपेशियों में दर्द के कारण भर्ती हुए हैं। जबकि छह मरीज डायरिया से बीमार होकर भर्ती हैं। एमएमजी अस्पताल के फिजिशियन डॉ. संतराम का कहना है कि इस समय लोग गर्मी दूषित खाद्य पदार्थों के जाने-अंजाने सेवन करने पर डायरिया से बीमार हो रहे हैं। कुछ मामलों में फूड पॉइजनिंग या एलर्जी, दवाइयों के सेवन की वजह से हो रहा है। डायरिया की समस्या काफी कम समय के लिए होती है जो कुछ ही दिन में अपने आप ही ठीक हो जाती है, अधिक दिन तक रहने पर यह आंत की बीमारी, संक्रमण या आंत में सूजन की तरफ इशारा करती है।
क्या पहनें और क्या खाएं
गर्मी से बचने के लिए हल्के रंग के कपड़े पहनकर निकलें ताकि ज्यादा गर्मी ना सताए।
जो लोग शारीरिक रूप से थकने वाला काम अधिक करते हैं, उन्हें ओआरआस जरूर पीना चाहिए।
ओआरएस उपलब्ध नहीं हो तो सादे पानी में चीनी-नमक का घोल बनाकर पीते रहें।
नींबू-पानी और छाछ का प्रयोग करें।