दरोगा की डांस पार्टी में बार बालाओं की पिटाई करने वाले एक और आरोपी गुलफाम को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं, युवतियों के साथ छेड़खानी का विरोध करने पर सफाईकर्मी की पिटाई करने के आरोपी दरोगा जितेंद्र गौतम को निलंबित कर दिया गया है।
गाजियाबाद में दिवाली की रात दरोगा की डांस पार्टी में बार बालाओं की पिटाई करने वाले एक और आरोपी गुलफाम को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं, युवतियों के साथ छेड़खानी का विरोध करने पर सफाईकर्मी की पिटाई करने के आरोपी दरोगा जितेंद्र गौतम को निलंबित कर दिया गया है। अभी तीन अन्य आरोपी फरार चल रहे हैं।
विज्ञापन
डासना पुलिस चौकी पर तैनात दरोगा जितेंद्र कुमार गौतम ने देव हाईट्स सोसायटी में अपने दोस्त कुलदीप शर्मा के फ्लैट पर डांस पार्टी की थी। इसमें दो बार बालाओं को बुलाया था। उसके दोस्त कुलदीप शर्मा, शकील, ताज मोहम्मद उर्फ तज्जी और गुलफाम बार बालाओं से अभद्रता कर रहे थे। इसी दौरान चौकी पर सफाई का कार्य करने वाला इमरान पहुंच गया।
उसने इसका विरोध किया तो सभी ने मिलकर इमरान और युवतियों की पिटाई की। तीनों जान बचाकर भागने लगे। आरोपियों ने पीछा करते हुए इमरान को सोसायटी में नीचे भी पीटा। पीड़ित की शिकायत पर मसूरी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी दरोगा जितेंद्र कुमार गौतम को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जमानत मिल गई।
विज्ञापन
तीन आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश
मसूरी थाना प्रभारी ने बताया कि कुलदीप शर्मा, शकील और ताज मोहम्मद को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रहरी है। गुलफाम से भी आरोपियों के बारे में जानकारी की गई है। पूरे घटनाक्रम के बारे में पूछा जा रहा है। इसमें आरोपियों की बात का भी मिलान किया जा रहा है, जिससे सच्चाई का पता चल सके।
पीड़ित इमरान के विरोध के बाद आरोपियों ने उसके घर पहुंचकर परिवार को जान से मारने की धमकी दी। उसे डर है कि कहीं आरोपी दरोगा उस पर फिर से हमला न कर दें।
बार बालाओं के बयान दर्ज करेगी पुलिस, बढ़ सकती हैं धाराएं
एएसपी आकाश पटेल ने बताया कि बार बालाओं के बारे में आरोपियों से जानकारी की जा रही है। अभी तक उनके बारे में सही जानकारी नहीं मिली है। उनके बयान दर्ज कराकर धाराएं बढ़ाई जा सकती हैं।