तीन तलाक केस की याचिकाकर्ता अधिवक्ता फरहा फैज पर ट्रेन में सफर के दौरान पथराव कर हमला किया गया। हापुड़ स्टेशन से पहले आउटर पर हुई इस घटना में उनके माथे पर चोटें आईं हैं। पीड़ित अधिवक्ता की शिकायत पर जीआरपी ने जानलेवा हमले की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सहारनपुर के प्रताप नगर निवासी अधिवक्ता फरहा फैज ने बताया कि वह बीती 8 सितंबर को पति के साथ नौचंदी एक्सप्रेस से इलाहाबाद जा रही थीं। सहारनपुर से वह कोच संख्या एस-1 में सवार हुए। उन्होंने बताया कि वह अपनी सीट पर लेटी हुई थीं।
यह भी पढ़ें: गाजियाबाद: हमलावरों ने समाजवादी पार्टी के नेता को पेट में मारी गोली, अस्पताल में भर्ती, जांच में जुटी पुलिस
हापुड़ स्टेशन से पहले आउटर पर ट्रेन रुकी तो अज्ञात हमलावर ने उन्हें निशाना बनाकर पत्थर फेंके। एक पत्थर उनकी आंख के ऊपर माथे पर लगा और वह घायल हो गईं। उन्होंने बताया कि तीन तलाक केस में सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल करने के बाद से उन पर ऐसे हमले कई बार हो चुके हैं। कई मुस्लिम संगठन उनसे रंजिश रखते हैं।
उन्होंने जान का खतरा बताते हुए हापुड़ में ही अपनी यात्रा रद्द कर दी और वापस सहारनपुर अपने घर लौट गईं। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना उन्होंने एसपी, डीआईजी को फोन पर दी। जीआरपी हापुड़ को उन्होंने तहरीर दी थी। इसके बाद गाजियाबाद जीआरपी थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। हापुड़ जीआरपी चौकी प्रभारी नीरज त्यागी ने बताया कि मामले की विवेचना चल रही है। यात्रियों के बयान लिए जा रहे हैं।