हापुड़ में 18 माह में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर लोगों से करीब पांच सौ करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने वाले पांच शातिर ठगों को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। एसपी दीपक भूकर ने बताया कि एनसीआर सहित आसपास के कई जनपदों के दो हजार से अधिक लोगों को इन शातिरों ने निफ्टैक ग्लोबल कंपनी में निवेश कराकर ठगी को अंजाम दिया।
आरोपियों ने हापुड़ के गढ़, बहादुरगढ़ सहित बुलंदशहर, गाजियाबाद और दिल्ली में कार्यालय खोलकर वर्ष 2008 से पूरा नेटवर्क स्थापित कर रखा था। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में करीब सौ मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी पिछले काफी दिनों से फरार चल रहे थे।
पुलिस ने अशोक, धर्मपाल, अशोक की पत्नी सुनीता व धर्मपाल की पत्नी सुषमा निवासी गांव चांदनेर थाना बहादुरगढ़, व अशोक निवासी भड़काउं थाना नरसैनी जिला बुलंदशहर को गिरफ्तार किया है। इनमें तीनों पुरुष आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये और महिला आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का पुलिस ने ईनाम घोषित किया था। आरोपियों के पास से पुलिस ने सात लाख से अधिक रुपये की नगदी, फॉर्च्यूनर, दो लैपटॉप, छह स्मार्ट फोन, पासबुक और चेकबुक बरामद की गई है।