श्याम पार्क एक्सटेंशन में बाइक सवार बदमाशों ने शनिवार रात बीए की छात्रा से मोबाइल लूट लिया। मोबाइल बचाने के लिए छात्रा उनसे भिड़ गई और बाइक पर पीछे बैठे बदमाश की शर्ट पकड़ ली। छात्रा बदमाशों की बाइक के साथ करीब 300 मीटर तक घिसटती चली गई। घुटने छिलने से वह घायल हो गई। जानकारी होने पर परिजनों ने साहिबाबाद पुलिस को सूचना दी। हालांकि पुलिस का कहना है कि उसके अभी तक मामले में तहरीर नहीं आई है।
साहिबाबाद निवासी निशा बीए की छात्रा है। शनिवार रात करीब 8:30 बजे वह ट्यूशन पढ़कर घर लौट रही थी। श्याम पार्क एक्सटेंशन की तरफ से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने निशा के हाथ से मोबाइल झपट लिया। विरोध करते हुए निशा ने पीछे बैठे बदमाश की जैकेट को पकड़कर मोबाइल वापस लेने का प्रयास किया। मगर आगे वाले बदमाश ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। छात्रा करीब 300 मीटर तक घिसटती गई। लाजपत नगर चौकी क्षेत्र के बालाजी कन्फेक्शनरी से हनुमान मंदिर के बीच सीसीटीवी कैमरे में यह घटना कैद हो गई है। कैमरे की फुटेज में निशा के साथ दो सहेलियां भी बदमाशों के पीछे दौड़ती नजर आ रही हैं। मामले में निशा के परिजनों ने पुलिस से लिखित शिकायत नहीं की है।
साहिबाबाद थाना प्रभारी नागेंद्र चौबे ने बताया कि छात्रा के साथ घटना हुई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन अभी तक परिजन की तरफ से तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। बदमाशों की पहचान के लिए फुटेज की मदद ली जा रही है।